फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिवपुरी: एंबुलेंस के इंतजार में गई मां-बच्चे की जान, 5 घंटे तक लगाते रहे 108 सेवा को फोन

Fri, 20 Nov 2026 06:36 PM IST
अमन कोशले न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिवपुरी

सार

जिले के डैडरी गांव में समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने से प्रसूता ज्योति आदिवासी और उनके नवजात शिशु की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पांच घंटे तक 108 सेवा से मदद मांगी गई, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। स्वास्थ्य विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं।
विज्ञापन
एंबुलेंस के इंतजार में गई मां-बच्चे की जान - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शिवपुरी जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के डैडरी गांव में समय पर एंबुलेंस न मिलने के कारण एक प्रसूता और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। परिजनों ने आपातकालीन वाहन सेवा पाने के लिए पांच घंटे तक अलग-अलग फोन नंबरों से लगातार संपर्क साधा, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई मदद नहीं पहुंची। उचित चिकित्सीय देखभाल न मिलने से पहले नवजात ने दम तोड़ा और फिर अस्पताल ले जाते समय महिला की भी सांसें थम गईं।
विज्ञापन


पांच घंटे तक भटकते रहे स्वजन
ग्राम डैडरी निवासी राजवीर आदिवासी की 20 वर्षीय पत्नी ज्योति आदिवासी को शुक्रवार तड़के प्रसव पीड़ा शुरू हुई। स्थिति बिगड़ते देख परिवार के सदस्यों ने 108 आपातकालीन सेवा को तुरंत सूचित किया। ज्योति का मायका नरवर क्षेत्र के छितरी गांव में है और तीन वर्ष पूर्व ही उसका विवाह हुआ था। यह उसकी पहली डिलीवरी थी। जेठ महेंद्र आदिवासी ने बताया कि परिजनों ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से बार-बार कॉल करके एंबुलेंस भेजने की गुहार लगाई। हर बार कॉल सेंटर से एंबुलेंस उपलब्ध न होने की बात कहकर सहायता देने से मना कर दिया गया। पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भी जब कोई सरकारी वाहन नहीं पहुंचा, तो घर पर ही ज्योति का प्रसव हो गया।

समय पर इलाज न मिलने से तोड़ा दम
घर पर जन्म लेने के तुरंत बाद नवजात की उचित उपचार के अभाव में मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद प्रसूता की हालत भी तेजी से बिगड़ने लगी। परिजन आनन-फानन में किराए की एक गाड़ी का इंतजाम करके सुबह 11 बजे ज्योति को लेकर शिवपुरी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद ज्योति को मृत घोषित कर दिया। महेंद्र आदिवासी ने गांव की बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं पर तीखे सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि गांव में आंगनबाड़ी केंद्र का भवन तो बना है, लेकिन वहां कोई आशा कार्यकर्ता तैनात नहीं है।
विज्ञापन


जिम्मेदार अधिकारियों ने दिए जांच के आदेश
मां और शिशु की मौत के इस दुखद मामले के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। 108 एंबुलेंस सेवा के जिला समन्वयक आनंद त्रिपाठी ने बताया कि जिन मोबाइल नंबरों से आपात स्थिति के लिए कॉल की गई थीं, उनकी कॉल डिटेल और रिकॉर्डिंग की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उधर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषेश्वर ने भी मामले की जांच कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें