लोन दिलाने में इंदौर देश में सबसे आगे
- फोटो : amarujala
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में इंदौर नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। नगर निगम ने मेगा सिटी श्रेणी में पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जबकि अहमदाबाद नगर निगम दूसरे स्थान पर रहा। इस उपलब्धि के लिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव और महापौर परिषद सदस्य मनीष शर्मा (मामा) को पुरस्कार प्रदान किया।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि इंदौर नगर निगम द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से शहरी पथ विक्रेताओं और रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। योजना के अंतर्गत अब तक इंदौर में कुल 2,02,531 रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं और स्ट्रीट वेंडर्स को बैंकों के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया गया है। इससे बड़ी संख्या में छोटे कारोबारियों को अपना व्यवसाय बढ़ाने और आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिली है।
इंदौर में इस योजना पर वर्ष 2020 में काम शुरू हुआ था। शुरुआत से लेकर अब तक तीनों चरणों (ट्रेंच) में कुल 2,02,531 ऋण प्रकरण स्वीकृत कर वितरित किए गए हैं। इनके माध्यम से कुल 362.3 करोड़ रुपये की ऋण राशि हितग्राहियों को उपलब्ध कराई गई है।
योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को तीन चरणों में 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक का ऋण दिया जाता है। इसके साथ ही 30 हजार रुपये तक की क्रेडिट कार्ड सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। योजना के अंतर्गत हितग्राहियों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आकलन कर उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी दिलाया जा रहा है।