शिरडी के साईं बाबा को लेकर विवादास्पद टिप्पणी करने से सुर्खियों में रहे शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने एक बार फिर विवाद शुरू कर दिया है। इस बार उन्होंने साईं बाबा का एक विवादित पोस्टर जारी किया है।
इसमें दिखाया गया है कि हनुमानजी एक पेड़ को जड़ समेत उखाड़कर साईं बाबा के पीछे पड़े हैं और साईं बाबा डर कर भाग रहे हैं। शंकराचार्य ने कहा है कि जहां-जहां भी साईं मंदिर हैं, वहां हनुमानजी के मंदिर बनाए जाएंगे।
इस बारे में साईं भक्तों की अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। द्वारकापीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद का भोपाल में झरनेश्वर कांपलेक्स के पास एक स्थान है, जहां वह अक्सर ठहरते हैं और अपने शिष्यों से मुलाकात करते हैं।