मौके पर जांच करते पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
जिले के अमलाई थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। बाइक से पहुंचे तीन आरोपियों ने दुकान के पास खड़े युवक के गले पर चाकू से वार किया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को चंद घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार घटना अमलाई थाना क्षेत्र के आलमगंज स्थित चिप हाउस के पास की है। युवक आशिक 40 दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान अरसद अंसारी अपने साथी भक्की कोल और योगेंद्र चौबे के साथ एक बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि अरसद अंसारी का आशिक से पुराना विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर आरोपियों ने युवक को निशाना बनाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीनों आरोपियों ने आशिक को दुकान के पास खड़ा देखा और उसके पास पहुंचकर चाकू से गले पर वार कर दिया। हमले में युवक घायल होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को संभाला और पुलिस को सूचना दी।
ये भी पढ़ें: गणेशोत्सव: श्रद्धालुओं के लिए 20 करोड़ का इंश्योरेंस, इंदौर का यह मंदिर फिर सुर्खियों में आया
जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अमलाई भूपेंद्र मणि पांडे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में पूछताछ करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने जांच के दौरान तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें घटना के कुछ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कुछ पूर्व से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बताए जा रहे हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।