शहडोल जिले के बुढार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को उस समय हंगामा मच गया, जब सांप के काटने से गंभीर हालत में भर्ती कराई गई एक बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ कर दी और ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर के साथ मारपीट की। जान बचाने के लिए डॉक्टर को अस्पताल के एक कमरे में खुद को बंद करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार बुढार थाना क्षेत्र की रहने वाली 70 वर्षीय प्रेमा सिंह को सांप ने काट लिया था। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढार लेकर पहुंचे। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर कुलदीप सिंह ने महिला का उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद परिजन भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने अस्पताल परिसर में जमकर तोड़फोड़ की और उपचार कर रहे डॉक्टर कुलदीप सिंह के साथ मारपीट करते हुए जानलेवा हमला किया। स्थिति बिगड़ती देख डॉक्टर ने अपनी सुरक्षा के लिए अस्पताल के एक कमरे में खुद को बंद कर लिया। बताया जा रहा है कि हंगामे के बाद परिजन महिला का शव लेकर अस्पताल से चले गए।
घटना की सूचना डॉक्टरों ने बुढार पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। डॉक्टर और परिजनों, दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
ये भी पढ़ें- MP: 'संगठन सर्वोपरि है', टिकट विवाद पर देवड़ा का बयान, उमंग सिंघार ने कहा-अब मोहन यादव ने नरोत्तम को निपटाया
डॉक्टर पर हुए हमले से स्वास्थ्य केंद्र का चिकित्सा स्टाफ भी नाराज है। डॉक्टरों और स्टाफ नर्सों ने बुढार थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उनका कहना है कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वे काम बंद करने के लिए मजबूर होंगे।
उल्लेखनीय है कि जिले में इन दिनों सांप काटने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा और अस्पतालों में कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती बन गया है। पुलिस का कहना है कि शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।