गोहपारू थाना क्षेत्र के बरहा गांव में ट्रैक्टर के नीचे दबने से एक ढाई वर्षीय बालिका की मौत हो गई। इसकी जानकारी गांव के लोगों ने पुलिस को दी, लेकिन घंटों गुजर गए और पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
मृत बालिका की पहचान महविश बानो के रूप में हुई। वह ट्रैक्टर पर चढ़ गई और उसने स्टीयरिंग को पड़कर उसे हिलाना शुरू कर दिया, जिससे ट्रैक्टर न्यूट्रल हो गया और आगे बढ़ने लगा। इसकी वजह से बालिका महविश बानो ट्रैक्टर से नीचे गिर गई और टायर के नीचे दबने से उसकी मौत हो गई। ट्रैक्टर को आगे बढ़ता देख महविश बानो के दादा ने देखा और दौड़ लगा दी और ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया, इसमें दादा को भी गंभीर चोट पहुंची है।
हल्ला सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। ट्रैक्टर के टायर के नीचे दबने से ढाई वर्षीय बालिका की मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों को लगा कि घटना घर के ट्रैक्टर से हुई है और इस मामले में किसी की कोई लापरवाही नहीं है। बालिका के शव को परिजनों ने दफन करने की तैयारी कर ली। इधर, घायल दादा को उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया। बिना पुलिस सूचना के ही परिजन अंतिम यात्रा की तैयारी करने लगे, तभी यह देख कुछ लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी, लेकिन दोपहर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। गांव के कुछ लोगों ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाया कि इस मामले की जानकारी पुलिस को देना जरूरी है। इसके बाद बालिका के शव को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे और अस्पताल से पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच मामले की जांच में जुटी है। गोहपारू थाना प्रभारी विनय सिंह गहरवार से जब इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने कहा कि स्टाफ रविवार को उर्स में व्यस्त था, सूचना जब अस्पताल से मिली तो हमारी टीम मौके पर पहुंच कर मर्ग कायम कर जांच कर रही है।