आरोपी पुलिसकर्मी और उसके साथ मौजूद युवती।
शहडोल जिले में डीजे वाहन चालक के साथ पुलिसकर्मी और युवती ने गाली-गलौज कर मारपीट कर दी। इस दौरान युवक ने वीडियो बना लिया और कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई दी। पीड़ित युवक ने कोतवाली पुलिस से आरोपी पुलिसकर्मी और उसके साथ मौजूद युवती पर कार्रवाई करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, घटना स्टेडियम रोड पर बीती रात की। वाहन चालक ने बताया कि वह एक विवाह कार्यक्रम में डीजे लेकर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में वाहन का डीजल खत्म हो गया, तभी बाइक पर सवार एक पुलिसकर्मी और युवती उसके पास पहुंचे और सड़क पर गाड़ी खड़ी करने को लेकर गाली-गलौज कर पैसे मांगने लगे। जिसका विरोध करने पर पुलिसकर्मी ने उसके साथ मारपीट की।
पीड़ित सूरज ताम्रकार, निवासी पुरानी बस्ती, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे वह डीजे लेकर धुरवार जा रहा था। इस दौरान स्टेडियम के सामने वाहन का डीजल खत्म हो गया। उसने वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर डीजल भरना शुरू किया। इस बीच बाइक (क्रमांक एमपी 21 एमए 1344) से एक पुलिसकर्मी युवती के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए 1,000 रुपए की मांग करने लगा। जब उसने पैसे देने से मना किया तो पुलिसकर्मी ने मारपीट कर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। मारपीट में युवक को चोट भी आई।
थाना प्रभारी का बयान
कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र तिवारी ने बताया कि डीजे चालक ने मामले की लिखित शिकायत दी है। आरोपी पुलिसकर्मी सुशील पटेल है, जिनकी तैनाती पुलिस लाइन में है। युवती कौन है, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। युवक ने कुछ वीडियो भी दिखाए हैं। मामले की जांच की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों को भी मामले से अवगत करा दिया गया है।