शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में एक युवक का यूपी से आए बदमाशों द्वारा बीच तिराहे पर कट्टे की नोक पर अपहरण कर लिया गया। बदमाश उसे कार में बिठाकर प्रयागराज ले गए। जैसे ही इस घटना की सूचना ब्यौहारी थाना पहुंची, पुलिस सक्रिय हो गई। साइबर सेल की मदद से पुलिस की दो टीमें लोकेशन का पीछा करते हुए उत्तर प्रदेश के शंकरगढ़ पहुंचीं। जहां, एक गैरेज में बंधक बनाए गए अपहृत युवक को छुड़ाया गया और मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस युवक और आरोपी को लेकर ब्यौहारी थाना आई है।
जानकारी के अनुसार, ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम बरकछ निवासी अर्पित द्विवेदी (पिता सीताराम द्विवेदी) 21 वर्ष अपने साथी सुभाष तिवारी के साथ मोटरसाइकिल से किसी परिचित के जन्मदिन समारोह में शामिल होने जा रहा था। इस दौरान जब वह बरकछ तिराहे के पास पहुंचा तो एक ग्रे रंग की ब्रेजा कार ने पास आकर उन्हें रोका। कार में सवार पांच युवकों में से एक ने कट्टा निकालकर अर्पित को धमकाया और उसे बाइक से उतारकर जबरन कार में बैठाकर यूपी के प्रयागराज ले गए।
घटना के बाद सुभाष ने अर्पित के घर जाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। घबराए परिजनों ने तुरंत ब्यौहारी थाना में इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरुण पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन लेकर साइबर सेल से युवक के मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की, जिससे पता चला कि युवक प्रयागराज में हैं। पुलिस की दो टीमें बनाई गईं, जो साइबर सेल की मदद से लोकेशन ट्रैक करते हुए प्रयागराज के शंकरगढ़ पहुंचीं। पुलिस ने घेराबंदी कर गैरेज से अर्पित को छुड़ाया और एक आरोपी शुभम कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में शुभम ने बताया कि इस वारदात में उसके साथी छोटा पाण्डेय, अंकित पाण्डेय, शनि और रवि भी शामिल थे, जिनकी तलाश जारी है।
आरोपियों ने अर्पित को धमकाकर उसके मोबाइल से अपने मोबाइल में 49 हजार रुपए ट्रांसफर भी कराए थे। जानकारी के अनुसार, अर्पित पहले प्रयागराज में काम करता था, जहां उसकी मुलाकात आरोपियों से हुई थी। कुछ महीने पहले अर्पित ने आरोपियों से पचास हजार रुपए उधार लिए थे, जिसे नहीं चुकाने पर वसूली के लिए आरोपी ब्यौहारी आए और इस अपहरण को अंजाम दिया। अब पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि अर्पित ने आरोपियों से पैसे क्यों उधार लिए थे।
इस संबंध में थाना प्रभारी अरुण पाण्डेय ने बताया कि युवक के अपहरण की सूचना परिजनों द्वारा दी गई थी। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में साइबर सेल की मदद से युवक के मोबाइल की लोकेशन ट्रैक कर दो पुलिस टीमें प्रयागराज भेजी गईं। शंकरगढ़ से युवक को बरामद कर घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है।