शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र में एक बाइक सवाल युवक की टक्कर से महिला घायल हो गई। हादसे के बाद घायल महिला के परिजनों ने बाइक को अपने कब्जे में ले लिया और चालक को धमकी दी कि अगर उसने महिला का इलाज नहीं करवाया तो उसे पुलिस के हवाले कर देंगे और जान से मार देंगे।
इससे घबराए बाइक सवार युवक और उसके परिजनों ने घायल महिला के परिजनों को पैसे देना शुरू कर दिया। पैसे मिलने के बाद महिला के परिजनों का लालच बढ़ गया और वे लगातार दबाव बनाकर अधिक पैसे मांगने लगे। जब मोटी रकम की मांग की गई तो बाइक सवार युवक के पास देने के लिए पैसे नहीं थे। इससे परेशान होकर बाइक सवार युवक ने आत्महत्या कर ली। पुलिस की जांच के बाद पूरा घटनाक्रम सामने आया, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, बुढार थानांतर्गत 30 दिसंबर 2024 को उदयराज सिंह गोंड (21) की मोटरसाइकिल से टकराने के बाद दस्सी यादव घायल हो गई थी। दुर्घटना के बाद महिला के परिजनों ने मोटरसाइकिल अपने कब्जे में ले ली और इलाज के नाम पर 11,200 रुपये वसूले। इसके कुछ दिनों बाद महिला के परिजनों ने युवक के पिता जयलाल सिंह गोंड निवासी ग्राम घोर्वे को धमकाकर 20,000 रुपये और वसूल किए।
घायल महिला के परिजन बार-बार युवक और उसके पिता को धमकाते हुए पैसों की मांग करने लगे। दबाव में आकर जयलाल ने अपनी पत्नी के गहने बेचकर तीसरी बार 20,000 रुपये आरोपियों को दिए। 3 जनवरी को महिला के परिजनों ने घर पहुंचकर 5 लाख रुपये और मांगे। गाड़ी वापस न करने की धमकी दी गई और गाली-गलौच करते हुए पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी।
इससे मानसिक दबाव में आए कारण जयलाल सिंह गोंड ने 4 जनवरी को आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजनों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और अन्य सबूतों से यह सामने आया कि पुरुषोत्तम यादव, मंडल उर्फ अनीष यादव और अंकित यादव निवासी ग्राम जरवाही ने जयलाल को धमकाकर प्रताड़ित किया और आर्थिक शोषण कर आत्महत्या के लिए मजबूर किया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुरुषोत्तम यादव (35 वर्ष) पिता देवनाथ यादव को गिरफ्तार कर विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। बुढार थाना प्रभारी संजय जायसवाल ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की गई। जांच के दौरान परिजनों के बयान से मामले की सच्चाई सामने आई है।