पीड़ित परिवार के साथ सड़क पर बैठे कांग्रेस जिला अध्यक्ष।
दोहरे हत्याकांड के बाद शव रखकर परिजन शहडोल-बुढार नेशनल हाईवे पर जाम कर विरोध कर रहे हैं। इस दौरान कई शासकीय सेवकों को भी आवागमन से रोका गया। इस दौरान मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों के इलाज में तैनात एक नर्सिंग ऑफिसर इस चक्काजाम में एक घंटे तक फंसी रही। आखिरकार दो बजे से उसकी ड्यूटी शुरू हुई, लेकिन वह 3:00 बजे तक अपने कार्य स्थल तक नहीं पहुंच पाई। इसके बाद उसने पुलिस की 112 से मदद मांगी। जिस पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे डाइवर्ट मार्ग से उसके कार्य स्थल तक पहुंचाया। नर्सिंग ऑफिसर मेडिकल कॉलेज के गायनिक विभाग में पदस्थ हैं और उसकी दो बजे से ड्यूटी शुरू थी।
इसी तरह चक्काजाम में कई एंबुलेंस को भी विरोध कर रहे लोगों ने रोकने की कोशिश की, मौके पर कुछ समझदार एवं पुलिसकर्मियों ने समझा बुझाकर उन वाहनों को आने जाने दिया है। इस विरोध में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अजय अवस्थी ने भी पीड़ित परिवार के साथ सड़क पर बैठकर चक्का जाम कर रहे लोगों का समर्थन किया।
ये भी पढ़ें-
शहडोल में दो सगे भाइयों की हत्या के बाद मचा बवाल, परिजनों ने किया NH 43 पर चक्का जाम; इंसाफ की गुहार
क्या है मामला
बुढार थाना क्षेत्र के चौकी केशवाही में एक दिन पहले दो सगे भाइयों की धारदार हथियार से आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने हत्या कर दी थी, घटना को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी अनुराग शर्मा अपने कुछ सहयोगियों के साथ बुढार थाने पहुंचा और अपने आपको पुलिस के हवाले कर दिया। जमीन के विवाद को लेकर दो भाइयों की हत्या की गई, बीच बचाव करने पहुंचे तीसरे भाई को भी बेरहमी से पीटा गया, जिसकी हालत गंभीर है, जो मेडिकल कॉलेज में भर्ती है।
नहीं पहुंचे जिम्मेदार अधिकारी
पीड़ित परिवार नेशनल हाईवे पर तीन घंटे से विरोध प्रदर्शन कर रहा है। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे पीड़ित परिवार का आक्रोश और बढ़ता जा रहा है। विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना है कि जब तक पुलिस व प्रशासन आरोपियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई नहीं करेगी तब तक वह यह प्रदर्शन जारी रखेंगे।