मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में बीते मंगलवार को सड़क किनारे महिला का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मृतक महिला की भी पहचान कर ली है। 38 वर्षीय महिला शहडोल के कोतवाली थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। बता दें, मंगलवार सुबह कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सिंदूरी में सड़क किनारे महिला का शव मिला था।
परिजनों के बयान के बाद हुआ मामले का खुलासा
जांच के दौरान पुलिस ने मृत महिला के परिजनों के बयान दर्ज किए, जिसके अनुसार मृतका आखिरी बार अपनी मां को बताकर लक्ष्मण गुप्ता के साथ घर से गई थी। इसके बाद पुलिस ने लक्ष्मण गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उससे संदेहास्पद जवाब मिलने के बाद पुलिस ने सख्ती के साथ पूछताछ की तो लक्ष्मण गुप्ता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस को बताया कि उसने अपने दोस्त मुन्ना सिंह के साथ मिलकर महिला को शराब पिलाने के बहाने मोटरसइकिल से सिंदुरी के जंगल ले गया था। इस दौरान उसने अपने दोस्त मुन्ना के साथ मिलकर उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया।
घटना को छिपाने की नीयत से शव को झाड़ियों में फेंका
पुलिस के मुताबिक जब महिला ने विरोध किया और पुलिस को घटना के बारे में बता देने की बात कही तो इससे नाराज होकर दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। साथ ही घटना को छिपाने की नीयत से महिला के शव को झाड़ियों में फेंक दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों लक्ष्मण प्रसाद गुप्ता (उम्र 42 वर्ष) निवासी बिजली आफिस और मुन्ना सिंह (उम्र 45 वर्ष) निवासी दुर्गा मंदिर के पीछे (थाना कोतवाली) को गिरफ्तार कर लिया।
बढ़ते महिला अपराध पर हटाए गए कोतवाली टीआई
शहडोल जिले में विशेषकर कोतवाली थाना क्षेत्र में महिलाओं के प्रति अपराधों का ग्राफ दिनो-दिन बढ़ते जा रहा है। अभी चार पांच दिन पहले ही कोतवाली थाना क्षेत्र में ही एक 92 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ दुराचार की शर्मनाक घटना सामने आई थी। उसके बाद फिर एक युवती की लाश मिलने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। जिसके बाद कोतवाली थाना प्रभारी संजय जायसवाल को लाइन हाजिर किया गया है। वहीं गोहपारू थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह परिहार को नया कोतवाली प्रभारी बनाया गया है। साथ ही उपनिरीक्षक सुभाष दुबे को गोहपारू थाना प्रभारी बनाया गया है। वही अमलाई थाना में पदस्थ उपनिरीक्षक उपेंद्र त्रिपाठी को कोतवाली में पदस्थ किया गया है।