शहडोल-उमरिया रेल खंड में बंधवा-घुनघुटी के बीच मंगलवार को रेल ट्रैक पर मेंटिनेंस का कार्य कर रहे कर्मचारी उस समय दहशत में आ गए। जब उनके सामने एक शेर आ धमका, पहले तो रेलवे ट्रैक पार कर वह झाड़ियों मे घुस गया, फिर कुछ देर बाद निकला और फिर से रेल पटरी क्रॉस करते हुए दूसरी ओर चला गया।
मंगलवार की सुबह यह नजारा रेल मार्ग के 922/34 किलोमीटर में पेश आया। जानकारी के अनुसार, बंधवा-घुनघुटी के बीच प्रतिदिन की तरह गैंग मैन अपने काम मे लगे थे। तभी कुछ ही दूरी पर किलोमीटर 922/34 में अचानक झाड़ियों से एक शेर आता दिखाई दिया। वहां रेल कर्मियों की भीड़ देख पहले तो शेर झाड़ियों में एक ओर जाकर छुप गया। जब कुछ दूर काम रहे रेल कर्मी भी शेर को देख किनारे चले गए तो फिर कुछ समय बाद वह अप लाइन को पार कर जंगल की ओर चला गया।
देखते ही उड़ गए होश
उसे देखते ही वहां काम कर रहे रेल कर्मियों के होश उड़ गए। सभी अपनी-अपनी जान बचाने के लिए जहां-तहां किनारे छुप गए और शेर के जाने का इंतजार करने लगे। इस बीच एक रेलकर्मी ने किसी तरह छुपकर उक्त घटना का वीडियो बना लिया, जिसमें शेर रेल पटरी पार कर झाड़ियों में जाता हुआ दिखाई पड़ रहा है।
इस घटना के बाद वहां काम कर रहे कर्मचारियों को काफी देर तक यह भय सताता रहा कि कहीं शेर फिर से न आ धमके। बहरहाल, कुछ समय तक सभी कर्मचारी यहां-वहां दुबके रहे। जब वह इस बात से संतुष्ट हो गए कि शेर बाद जंगल की ओर चला गया है, तब उन्होंने काम शुरू किया। हालांकि, उसके बाद काम में लगे कर्मचारी चौकन्न हो गए थे। विदित हो कि उक्त रेल मार्ग के दोनों ओर घुनघुटी का जंगल लगा हुआ है, जिस कारण आए दिन वहां ऐसे जंगली जानवरों का मूवमेंट होता रहता है। कई बार तो रेल पटरी पार करते समय वह हादसे का शिकार भी हो चुके हैं।
अपनी सुरक्षा को लेकर रेलकर्मी चिंतित
घुनघुटी के जंगल के पास से गुजरे रेल मार्ग में आए दिन जंगली जानवरों का मूवमेंट देखने को मिलता रहता है। शेर एवं बाघ जैसे जानवरो की वहां आवाजाही एक कारण रेल ट्रैक मे मेंटिनेंस एवं पेट्रोलिंग का काम करने वाले रेलकर्मी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता में हैं। उनका कहना है कि हमें जंगल के बीच कार्य के लिए तो अधिकारियों द्वारा भेज दिया जाता है। लेकिन हमारी जान की सुरक्षा को लेकर अधिकारी ध्यान नहीं देते हैं, जबकि इस ओर उन्हें ध्यान चाहिए।