शहडोल में सुरंग बनाकर कोयले का अवैध उत्खनन किया जा रहा था।
- फोटो : अमर उजाला
शहडोल में कोयले का अवैध उत्खनन रोकने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। सुरंग बनाकर कोयले का अवैध उत्खनन पकड़ा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने छापा मारकर कार्रवाई की और दो युवकों को गिरफ्तार किया है। एसपी के निर्देश पर जिले में लगातार माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जा रही है।
बुढार थाना क्षेत्र के छांटा गांव से सुरंग बनाकर कोयले का अवैध उत्खनन हो रहा था। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी संजय जायसवाल ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि एक गहरी सुरंग के भीतर दो युवक जान जोखिम में डालकर कोयला खोद रहे थे। पुलिस ने छापा मारकर कार्रवाई की और दोनों युवकों को हिरासत में लिया। छांटा गांव में सुरंग बनाकर जान जोखिम में डालकर कोयले का अवैध उत्खनन हो रहा था। मौके पर दबिश देकर कोयला उत्खनन करते हुए कमलेश चौधरी एवं कैलाश चौधरी निवासी ग्राम छांटा को गिरफ्तार किया गया है। दोनों युवकों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से लगभग पांच टन कोयला जब्त किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दौरा दो दिन पहले शहडोल में हुआ था। इससे पहले ही एसपी कुमार प्रतीक ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। जगह-जगह रेत से भरे वाहनों को भी पुलिस ने जब्त किया। रविवार की दरमियानी रात मवेशियों से भरे वाहनों को पुलिस ने जप्त कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। अब बुढार पुलिस ने भी अवैध कोयला उत्खनन करने मामले पर कार्यवाही को अंजाम दिया है।