कांग्रेस नेता ने कुल्हाड़ी लेकर खेत में जुताई करने वाले युवक को धमकाया
- फोटो : अमर उजाला
जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में जिला कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग के पूर्व जिला अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगे हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह टांगी लेकर खेत की जुताई कर रहे ट्रैक्टर चालक को रोकते हुए दिखाई दे रहे हैं। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है, जिस पर पुलिस ने एनसीआर दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार सोहागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बिजौरी निवासी किसान पुनीत यादव और उनकी पत्नी भाग्यश्री यादव के नाम पर हाल ही में 8 एकड़ भूमि की रजिस्ट्री हुई है। इसी भूमि की जुताई कराने के लिए पुनीत यादव अपने रिश्तेदारों के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत पर पहुंचे थे। गांव का रहने वाला जिला कांग्रेस कमेटी का पूर्व पिछड़ा वर्ग का जिला अध्यक्ष राजेश यादव उर्फ छेदी पहले से ही वहां मौजूद था।
ये भी पढ़े: Balaghat News: वर्दीधारी को बिना हेलमेट स्कूटी चलाने की मिली सजा, एसपी ने तुरंत निलंबित कर जांच के आदेश दिए
जैसे ही पुनीत और उनके ससुर मथुरा मौके पर पहुंचे, कांग्रेस नेता राजेश यादव ने उनसे विवाद करना शुरू कर दिया और कथित रूप से कहा कि पहले मुझे दो एकड़ भूमि दो, तभी तुम्हें इस खेत में कदम रखने दूंगा। पीड़ितों का आरोप है कि बातचीत के दौरान राजेश यादव आगबबूला हो गया और कुल्हाड़ी लेकर हमला करने की कोशिश करने लगा।
पुनीत यादव ने बताया कि हाल ही में 8 एकड़ भूमि की रजिस्ट्री कराई है। खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर चालक सोनू सिंह गोंड पर राजेश ने कुल्हाड़ी से हमला किया और गाली-गलौज भी की। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
घटना के बाद किसान पुनीत यादव थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले में एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुनीत का कहना है कि राजेश उन पर मुफ्त में 2 एकड़ भूमि देने का दबाव बना रहा है और जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने कहा कि विवाद जमीन को लेकर है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।