शहडोल के जिला चिकित्सालय में 100 और बिस्तर बढ़ाने की मांग की गई है।
- फोटो : अमर उजाला
शहडोल जिला चिकित्सालय में सुविधाओं के साथ ही अब बिस्तर बढ़ाने को लेकर प्रबंधन प्रयासरत है। जिला अस्पताल में इन दिनों स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ने के कारण संभाग के तीनों जिलों के अलावा छत्तीसगढ़ और सीधी के मरीज भी यहां उपचार के लिए आते हैं।
सिविल सर्जन डॉ. जीएस परिहार ने भोपाल में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल से मुलाकात की। उनसे अस्पताल में 100 बिस्तर बढ़ाने की मांग की है। शुक्ल के पास ही इस समय स्वास्थ्य विभाग भी है। शुक्ल ने आश्वासन दिया है कि जल्दी जिला चिकित्सालय शहडोल में 100 बिस्तर बढ़ाने की कार्यवाही पूर्ण की जाएगी। मरीजों की सुविधाओं को भी बढ़ाया जाएगा।
इन दिनों संभाग के सबसे बड़े जिला चिकित्सालय शहडोल में हर दिन 900 से एक हज़ार मरीज ओपीडी में आते हैं, इसके साथ ही भर्ती मरीजों का भी उपचार किया जाता है। मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण अब जिला अस्पताल में पूर्व से संचालित 300 बिस्तर कम पड़ने लगे हैं। इससे मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। अस्पताल में मरीजों को समुचित सुविधाएं देने के लिए सिविल सर्जन डॉ. परिहार भोपाल में स्वास्थ्य मंत्री से मिले। साथ ही उन्हें अस्पताल की समस्याओं से अवगत कराया। जिला चिकित्सालय में हर दिन 20 से अधिक लोगों को डायलिसिस हो रहा है। सर्व-सुविधायुक्त आईसीयू गंभीर मरीजों के इलाज में मददगार साबित हो रहा है।