शहडोल में वन विभाग की लेट लतीफी की वजह से एक भालू की मौत हो गई है। ग्रामीणों ने बताया है कि स्कूल के पुराने भवन में दोपहर 12 बजे एक भालू देखा गया था, जिसकी हालत नाजुक थी। लोगों ने मामले की जानकारी स्थानीय वन अमले को दी थी। लेकिन वन अमला कई घंटे बाद मौके पर पहुंच, जिसकी वजह से भालू ने दम तोड़ दिया है।
घटना उत्तर वनमंडल के अमझोर वन परिक्षेत्र की है। भालू की मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। वन अमला इसे स्वाभाविक मौत बता रहा है। टीम के अधिकारियों ने भालू का पीएम कराते हुए मामले को जांच में लिया है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अमझोर वन परिक्षेत्र के चंदौरा बीट अंतर्गत कुरान टोला में संचालित प्राथमिक विद्यालय के पुराने जर्जर भवन में भालू की मौजूदगी की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी थी। लेकिन सूचना के बाद भी वन अमला कई घंटे बाद मौके पर पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि भालू काफी वृद्ध था, उसके समुचित इलाज की व्यवस्था बनाई जा रही थी। इसी दौरान भालू की मौत हो गई। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि वन अमले को समय पर सूचना दी गई थी। लेकिन कई घंटे बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जिसकी वजह से भालू की मौत हो गई। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि वन विभाग सूचना लगते ही अगर मौके पर पहुंचता और भालू को तत्काल इलाज उपलब्ध हो सकता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।