शहडोल के अमलाई थाना पुलिस ने शुक्रवार रात लुकमपुर रोड स्थित बिछिया जंगल के किनारे चल रहे बड़े जुआ फड़ पर दबिश देकर छह जुआरियों को मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस ने फड़ से 30 हजार 200 रुपये नकद, चार मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन सहित चार लाख रुपये से अधिक का मशरूका जब्त किया है। मामले में कुल आठ लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है, जबकि दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मारा छापा
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि लुकमपुर रोड स्थित बिछिया जंगल के पास जुआ फड़ संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी अमलाई भूपेंद्र मणि पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई से जुआरियों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान छह लोगों को पकड़ लिया गया और मौके से नकदी सहित वाहन व मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुनीत गौतम, उत्तम कहार, अमित चौहान, सुनील कुमार राव, दीपक चतुर्वेदी और अतीक अंसारी उर्फ जुल्ली के रूप में बताई है। वहीं, अब्दुल रहमान और अनिल मंडल की तलाश की जा रही है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत संगठित अपराध का मामला दर्ज किया है।
चाचई क्षेत्र में भी बड़े जुआ फड़ की चर्चा
अमलाई थाना क्षेत्र से सटे अनूपपुर जिले के चाचई क्षेत्र में भी एक बड़े जुआ फड़ के संचालित होने की चर्चा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोयलांचल क्षेत्र का एक बड़ा जुआरी यहां फड़ संचालित कर रहा है, जहां एक रात में कई लाख रुपये का खेल होने की बात कही जा रही है।
ये भी पढ़ें-
MP के छिंदवाड़ा अस्पताल में बड़ा हादसा: वार्मर में लगी आग, तीन नवजात झुलसे; जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
लोगों का कहना है कि इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस महानिरीक्षक से मामले की जांच कर जुआ फड़ बंद कराने की मांग की है।