बतख चोरी करके पार्टी की फिर मालिक को धमकाया, हिरासत में आरोपी
जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र में बतख चोरी कर पार्टी करने और बाद में शिकायतकर्ता से विवाद करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। धनपुरी पुलिस ने शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया।
घटना धनपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोफ चौराहे के पास की बताई जा रही है। यहां के निवासी बबलू बर्मन पर आरोप है कि उसने झिल्ली दफाई क्षेत्र में रहने वाले राजू कोल की खुले में घूम रही बतख को चुराने के बाद बिलियस की नर्सरी स्थित पंप हाउस में अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर पार्टी की।
ये भी पढ़ें: Shahdol News: अवैध कबाड़ परिवहन पर पुलिस की कार्रवाई, पिकअप जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया, पूछताछ जारी
बतख चोरी और पार्टी की जानकारी जब बतख मालिक राजू कोल को मिली तो उन्होंने इसका विरोध किया। इसके साथ ही उन्होंने धनपुरी थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होने से नाराज आरोपी बबलू बर्मन राजू कोल के घर पहुंच गया और उनसे विवाद करने लगा। दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि क्षेत्र में शांति भंग होने की स्थिति निर्मित हो गई।
घटना से परेशान राजू कोल ने एक बार फिर धनपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस ने बबलू बर्मन को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया।
धनपुरी थाना प्रभारी खेमसिंह पेद्रो ने कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। शांति भंग करने या अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कदम उठाए जाएंगे।