धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो ने बताया कि प्रेमी हत्या करने वाली आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। घटना को लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद से दोनों साथ रह रहे थे।
शहडोल जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने लिव-इन पार्टनर की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद वह रात भर शव के पास बैठकर रोती रही। मृतक की पहचान सुरेश (32) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी महिला राधा बाई (28) है। दोनों की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों एक दूसरे प्यार करने लगे और लिव-इन में रहने लगे।
पुलिस ने बताया कि घटना धनपुरी थाना क्षेत्र के संग्राम सिंह सफाई मोहल्ले की है, जहां राधा और सुरेश पिछले कुछ समय से एक साथ रह रहे थे। उनकी मुलाकात कुछ वर्ष पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी, जिसके बाद से दोनों लिव-इन में रह रहे थे। स्थानीय निवासियों के अनुसार, दोनों के बीच अक्सर झगड़े और कहासुनी होती रहती थी। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात सुरेश ने राधा से शराब पीने के लिए पैसे मांगे बाहर चला गया। बाद में वह शराब पीकर लौटा और सोने चला गया। कुछ देर बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान राधा ने गुस्से में आकर सुरेश का गला घोंट दिया और रात भर शव के पास बैठकर रोती रही।
बुधवार की सुबह पड़ोसियों ने महिला की रोने की आवाज सुनी तो दरवाजा खटखटाया, लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घर में घुसी तो सुरेश का शव पड़ा हुआ था। पुलिस ने मौके से ही महिला को हिरासत में ले लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो ने बताया कि आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।