कोतवाली थाना क्षेत्र के सिंहपुर रोड स्थित सौखी मोहल्ला में रहने वाले एक शासकीय शिक्षक ने अपनी पत्नी का गला घोंट कर उसे मौत के घाट सुला दिया। घटना दो दिनों पहले घटी थी। इस मामले पर पुलिस ने खुलासा कर आरोपी पति शासकीय शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसकी पत्नी उसपर दूसरी महिला से संबंध होने की बात को लेकर आए दिन विवाद करती थी, जिससे वह नाराज होकर पत्नी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। कुछ घंटे में ही पुलिस ने इस कत्ल का खुलासा कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के सौखी मोहल्ला की रहने वाली प्रियंका चौरसिया (36) की लाश उसके घर में संदिग्ध अवस्था में दो दिन पहले मिली थी। आरोपी पति ने महिला की मौत की जानकारी पुलिस को दी थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पति ने पुलिस को गुमराह करने के लिए एक झूठी कहानी बताई, जिसमें आरोपी पति विपिन चौरसिया ने पुलिस को बताया कि वह सुबह मॉर्निंग वॉक करने के लिए घर से निकला था और उसकी पुत्रि जो 6 वर्ष की है। वह घर में सो रही थी, पत्नी अपना कार्य कर रही थी। जब आरोपी विपिन घर वापस लौटा तो महिला का शव घर के कमरे में संदिग्ध हालत में मिला था। पुलिस को पति के द्वारा बताई गई कहानी में कुछ संदेह हुआ, जिसको लेकर पुलिस ने महिला के पति विपिन चौरसिया को हिरासत में लिया और कड़ी पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी ने अपने जुर्म को कबूल लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रियंका चौरसिया का माइका दमोह जिले में था। महिला की मौत के बाद पुलिस ने मायके पक्ष के लोगों से फोन पर चर्चा की, जिसमें यह बात भी आई थी कि प्रियंका का पति विपिन किसी अन्य महिला से बात करता है। इसी बात को लेकर दोनों पति पत्नी में आए दिन विवाद होता था। फिर क्या था, पुलिस ने आरोपी विपिन चौरसिया से शक्ति से पूछताछ की और आरोपी ने अपने जुर्म को कबूला है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि पत्नी प्रियंका आए दिन मुझसे विवाद करती थी और कहा करती थी कि तुम किसी दूसरी महिला से बात करते हो, और उससे तुम्हारा संबंध भी है। इसी बात से गुस्सा होकर आरोपी पति विपिन चौरसिया ने अपनी पत्नी प्रियंका का गला घोंटकर उसे मौत के घाट सुला दिया।