बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए तीन दोस्त बाइक पर सवार होकर कोनी जा रहे थे। तभी दियापीपर के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें आठवीं के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार बताया गया कि गोहपारू थाना क्षेत्र के दियापीपर के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक में सवार एक किशोर की घटना स्थल पर मौत हो गई। प्रिंस जायसवाल (13), सूरज सिंह (14) एवं शिवम सिंह (14) बाइक में सवार होकर गोहपारू से शहडोल की ओर आ रहे थे। इसी दौरान दियापीपर के पास शहडोल से गोहपारू की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार क्रमांक सीजी 16 सीएम 2912 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार तीनों किशोरों को गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगोंं की मदद से तीनों को जिला अस्पतला लगाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद प्रिंस जायसवाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं सूरज सिंह और शिवम की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद एक को बिलासपुर रेफर कर दिया।
जानकारी लगते ही गोहपारू पुलिस घटना स्थल पहुंची कार और बाइक को कब्जे में लेते हुए विवेचना शुरू कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना बीती शाम करीब 7 बजे की है। बाइक सवार तीन किशोर में एक की मौत हो गई दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रिंस जायसवाल सोहागपुर थाना क्षेत्र के कोनी का रहने वाला था। छात्र अपने दो दोस्तों के साथ कोनी बर्थडे पार्टी में शामिल होने आ रहा था। तभी यह हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक प्रिंस अपने दोस्तों को लेने जैतपुर की ओर गया हुआ था और लौटते वक्त यह घटना घटी है। पुलिस ने बताया कि कोनी में एक बर्थडे पार्टी में यह तीनों दोस्त शामिल होने जा रहे थे। मृतक प्रिंस जायसवाल आठवीं का छात्र है, शुक्रवार को उसका तीसरा पेपर होना था, लेकिन अब वह इस दुनिया में नहीं है। हादसे के बाद परिवार सदमे में है।