शहडोल के बुढार थाना क्षेत्र में डीजल चोरी के शक में वाहन चालकों को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्रांसपोर्ट कंपनी के संचालकों और उनके साथियों ने चालकों को एक कमरे में बंद कर डंडों, मुक्कों और थप्पड़ों से पीटा, जबरन वीडियो बनवाया और कोरे कागजों पर हस्ताक्षर व अंगूठे के निशान भी लगवा लिए।
घटना का वीडियो गुरुवार शाम सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है। पीड़ित चालकों ने बुढार थाने में शिकायत देकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक उमरिया जिले के ग्राम राघोपुर निवासी वाहन चालक इरशाद मोहम्मद ने अपने साथी चालकों मुस्तकीम मोहम्मद, सुनील रैदास, रजनीश काछी, शाहिद उर्फ पड़ा समेत अन्य के साथ पुलिस को बताया कि उन्हें बुढार स्थित हिन्द ट्रांसपोर्ट कंपनी, जो मारुति नंदन पेट्रोल पंप के सामने संचालित है, बुलाया गया था।
पीड़ितों का आरोप है कि वहां मौजूद अब्दुल शफीक खान उर्फ अब्दुल्ला, अब्दुल रफीक खान उर्फ बब्लू, अमित गुप्ता, अंजी, जयंत जामवानी, निखिल सेन और उनके अन्य साथियों ने सभी चालकों को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद डंडों, मुक्कों और थप्पड़ों से उनकी पिटाई की गई। आरोप है कि दबाव बनाकर उनसे डीजल चोरी का कथित कबूलनामा दिलवाया गया, पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया गया और कोरे कागजों पर जबरन हस्ताक्षर तथा अंगूठे के निशान भी लगवाए गए।
पीड़ित चालकों का कहना है कि घटना के बाद उन्हें धमकी दी गई कि यदि पुलिस में शिकायत की या कानूनी कार्रवाई की तो उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इसी डर के कारण वे कई दिनों तक शिकायत नहीं कर सके।
ये भी पढ़ें- Ujjain: मोहर्रम के 40वें दिन खून! चाकू से किया चार प्राणघातक वार, 21 साल के जफर की मौत; आरोपी हुआ गिरफ्तार
मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद चालकों ने बुढार थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, निष्पक्ष जांच कराने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। बुढार पुलिस का कहना है कि चालकों की शिकायत प्राप्त हो गई है। वायरल वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।