थाना बुढार पुलिस ने ज्वेलरी दुकान से चांदी के आभूषण चोरी करने की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी तालिब अली को पकड़कर उसके कब्जे से चोरी के आभूषण बरामद कर लिए हैं। रविवार देर शाम पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर इसका खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार 03 जनवरी को थाना बुढार क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 10, सिनेमा रोड बुढार स्थित राकेश ज्वैलर्स के संचालक कमलेश सराफ पिता गंगाधर सोनी, उम्र 39 वर्ष, द्वारा थाने में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई गई। कि दोपहर लगभग 3 बजे एक व्यक्ति उनकी दुकान पर आया और छोटी बच्ची के लिए चांदी की अंगूठी और पायल दिखाने की मांग की।
दुकानदार द्वारा 5 नग चांदी की अंगूठी और तीन जोड़ी बच्चियों की छोटी चांदी की पायल दिखाए जाने के दौरान आरोपी ने मौका पाकर उक्त आभूषण चोरी कर लिए और अपनी प्लेजर स्कूटी क्रमांक MP54 MH 2488 से बाजार की ओर फरार हो गया।
ये भी पढ़ें- इंदौर जल त्रासदी: कांग्रेस ने कहा- भागीरथपुरा कांड लापरवाही नहीं, सुनियोजित हत्या; 11 को निकलेगी न्याय यात्रा
घटना की सूचना मिलते ही थाना बुढार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू की। संदेही की पहचान तालिब अली के रूप में की गई, जिसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 नग चांदी की अंगूठी एवं 3 जोड़ी बच्चियों की छोटी चांदी की पायल बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी बुढार विनय सिंह गहरवार के नेतृत्व में बुढार पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।