जैतपुर थाने की डायल हंड्रेड के पीछे से टकराया बाइक चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों ने थाने में शव रखकर हंगामा किया। घंटों चले इस हंगामें को पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत करवाया है। बीती रात्रि थाने में यह हंगामा परिजनों ने किया है। घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के कर्चुल बांध के पास घटी थी। घटना उस वक्त घटी, जब पुलिस की डायल हंड्रेड अपने इवेंट से वापस लौट कर जैतपुर जा रही थी। तभी तेज रफ्तार बाइक चालक पुलिस की डायल हंड्रेड के पीछे से टकरा गया और गंभीर घायल हो गया। जिसे पुलिसकर्मियों ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया था।
जानकारी के अनुसार जैतपुर थाने की डायल हंड्रेड एक इवेंट में ग्राम खाड़ा गई हुई थी। इवेंट समाप्त होने के बाद वह वापस जैतपुर अपने पॉइंट पर पहुंचने के लिए रवाना हुई। तभी रास्ते में कर्चुल बांध के पास तेज रफ्तार बाइक पुलिस की डायल हंड्रेड के पीछे से टकरा गई। बाइक सवार युवक राजकुमार पटेल पिता हरिदास (35) निवासी खुजमानिया इस घटना में गंभीर घायल हो गया। वाहन के पीछे टकराई बाइक के तुरंत बाद डायल 100 चालक ने वाहन को रोका और घायल बाइक सवार को अपने पुलिस वाहन से उपचार के लिए अस्पताल लाकर भर्ती करवाया। डॉक्टर ने राजकुमार पटेल की हालत नाजुक देखते हुए उसे शहडोल रेफर कर दिया, शहडोल से युवक को जबलपुर रेफर कर दिया गया, उपचार के दौरान बाइक सवार राजकुमार की जबलपुर में मौत हो गई।
पुलिस की डायल हंड्रेड वाहन से टकराये बाइक चालक की मौत के बाद परिजनों ने बाइक सवार युवक के शव को जैतपुर थाने में लाकर रख दिया और बीती रात्रि विरोध प्रदर्शन करने लगे। परिजनों की मांग थी कि मृतक परिवार को 10 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाए। हंगामें की जानकारी मुख्यालय में बैठे पुलिस के अधिकारियों को लगी, जिसके बाद मुख्यालय डीएसपी जैतपुर पहुंचे और हंगामा कर रहे परिजनों को समझाकर उन्हें शांत करवाया गया है। थाना प्रभारी जैतपुर रामकुमार गायकवाड़ ने बताया कि मामले पर जांच की जा रही है, जबलपुर में उपचार के दौरान घायल की मौत हुई है, मर्ग डायरी आने के बाद यहां नंबर में कायमी की जाएगी।