ब्यौहारी पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बड़े सौदागर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर से 47 हजार नशीली टैबलेट और 210 नशीली सिरप बरामद की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये से अधिक है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो नशे का इतना बड़ा जखीरा देखकर खुद हैरान रह गई।
ब्यौहारी थाना प्रभारी अरुण पांडे को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वार्ड नंबर 14, राम मंदिर मोहल्ला में आरोपी संजू उर्फ संजीव गुप्ता पिता रंगलाल गुप्ता अपने घर में भारी मात्रा में नशीली दवाइयां छुपाकर रखे हुए है और उन्हें बिक्री करने की योजना बना रहा है। इस सूचना पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार थाना स्तर पर एक विशेष टीम गठित की गई और छापेमारी की योजना बनाई गई।
घर से बरामद हुआ नशे का जखीरा
पुलिस की 11 सदस्यीय टीम ने आरोपी के घर को चारों ओर से घेर लिया और दबिश दी। आरोपी संजीव गुप्ता को हिरासत में लेने के बाद जब घर की तलाशी ली गई, तो पीछे बने एक बंद कमरे में भारी मात्रा में नशीली दवाइयां मिलीं। आरोपी ने दवाइयों को बड़े-बड़े खाली जार, पन्नियों और बोरियों में छुपाकर रखा था। उसके घर से 47,000 नशीली टैबलेट, 210 नशीली सिरप जिनकी कुल कीमत 5 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए पुलिस अधीक्षक ने ब्यौहारी थाने की 11 सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया था, जिसका नेतृत्व उप निरीक्षक मोहन पडवार कर रहे थे। इस टीम में सहायक उप निरीक्षक गया प्रसाद कनौजिया, प्रधान आरक्षक नरेंद्र उपाध्याय, आरक्षक अमृत लाल यादव, त्रिलोक सिंह, सुखदेव सिंह, गंगा प्रसाद गुप्ता, पुष्पेंद्र सिंह, संजय द्विवेदी, महिला आरक्षक माधुरी और अंजलि लोधी शामिल थे।
थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब यह जांच की जा रही है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयां कहां से लाई गईं और इसमें कितने अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस जल्द ही इस मामले में और बड़े खुलासे कर सकती है। पुलिस के अनुसार, यह शहडोल जिले में अब तक की सबसे बड़ी नशीली दवाइयों की बरामदगी है।