अस्पताल में जारी मुन्ना का इलाज।
- फोटो : अमर उजाला
शहडोल जिले के सीधी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने ग्रामीणों को दहला दिया है। खुले आसमान के नीचे अपनी तीन वर्षीय नातिन के साथ खाट पर सो रहे एक व्यक्ति पर अज्ञात बदमाशों ने आधी रात जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने सोते समय उसके चेहरे और सिर पर करीब पांच किलो से अधिक वजनी पत्थर पटक दिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में बेहतर उपचार के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना सीधी थाना क्षेत्र के ग्राम कुदरा टोला रिमार की है। घायल की पहचान मुन्ना रैदास पिता बाबूलाल रैदास के रूप में हुई है। बताया गया है कि मुन्ना रात अपने घर के बाहर खाट पर सो रहा था। उसके साथ उसकी तीन साल की नातिन भी मौजूद थी। इसी दौरान अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और सोते समय उस पर भारी पत्थर से हमला कर दिया।
पढ़ें: 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए समर्थ और गिरिबाला, जांच में उठे नए सवाल
हमले में मुन्ना के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। पत्थर लगते ही वह दर्द से चीख पड़ा। नातिन सुरक्षित है। उसकी आवाज सुनकर घर के भीतर सो रही पत्नी बाहर दौड़ी, जबकि नातिन भी रोने लगी। परिजनों ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे शहडोल रेफर किया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए जबलपुर भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक मुन्ना रैदास गांव में एक छोटी किराना दुकान संचालित करता है और मुर्गा बिक्री का काम भी करता है। घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही सीधी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घायल के भाई की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। गांव में घटना के बाद भय और दहशत का माहौल है।