जिले के बुढ़ार थाना क्षेत्र की केशवाही चौकी अंतर्गत जंगल में पेड़ पर चढ़कर सूखी लकड़ी काट रहे 48 वर्षीय व्यक्ति की नीचे गिरने से मौत हो गई। लकड़ी काटने के दौरान अचानक पैर फिसलने से वह जमीन पर गिर पड़ा। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे एक युवक ने उसे पेड़ के नीचे पड़ा देखा और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। हालांकि ग्रामीणों के पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान टेघा निवासी सकुल्ला सिंह (48) के रूप में हुई है। वह घर में जलाने के लिए लकड़ी की व्यवस्था करने जंगल गया था। इसी दौरान वह एक पेड़ पर चढ़कर सूखी लकड़ियां काटने लगा। लकड़ी काटते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर नीचे जमीन पर गिर पड़ा। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें: उज्जैन: सोशल मीडिया दोस्ती का खौफनाक अंत, चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म, आधी रात को थाने पहुंची पीड़िता
घटना के कुछ देर बाद जंगल में मवेशी चरा रहा एक युवक वहां से गुजरा। उसकी नजर पेड़ के नीचे पड़े व्यक्ति पर पड़ी। पास जाकर देखने पर व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। इसके बाद युवक ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक सकुल्ला सिंह की मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर केशवाही चौकी पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
केशवाही चौकी प्रभारी गंगा सिंह ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करते हुए आगे की जांच की जा रही है।