शहडोल के ब्यौहारी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय बदरचुआ में मध्यान्ह भोजन करने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। भोजन करने के बाद एक बच्चे को उल्टी होने लगी, जबकि कुछ अन्य बच्चों ने पेट दर्द की शिकायत की। सूचना मिलने पर सभी बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ब्यौहारी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति सामान्य है। एहतियात के तौर पर उन्हें अस्पताल में निगरानी में रखा गया है। मामले को कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने सीईओ जनपद पंचायत ब्यौहारी और बीआरसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित स्व-सहायता समूह को मध्यान्ह भोजन के कार्य से पृथक करने और पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने को कहा है।
पढें: दो मासूम बच्चों के साथ मां ने कुएं में लगाई छलांग, तीनों की मौत; कोहराम
आदेश के बावजूद पुराने समूह ने जारी रखा भोजन बनाने का काम
एसडीएम अर्चना मिश्रा और तहसीलदार गैलेक्सी नागपुरे के प्रतिवेदन के अनुसार, 14 नवंबर को विद्यालय में 15 विद्यार्थी उपस्थित थे। इस दौरान स्वाती स्व-सहायता समूह ने बच्चों के लिए दाल-चावल बनाया था। जिला पंचायत ने 23 सितंबर को आदेश जारी कर इस समूह को मध्यान्ह भोजन के कार्य से पृथक करते हुए नव जमुना स्व-सहायता समूह को जिम्मेदारी सौंपी थी। 28 सितंबर को जनशिक्षक के माध्यम से यह आदेश प्रधानाध्यापक और संबंधित समूह को व्हाट्सएप पर भी भेज दिया गया था। इसके बावजूद पुराने समूह ने नए समूह को प्रभार नहीं सौंपा और भोजन बनाने का काम जारी रखा।
प्रधानाध्यापक की भूमिका भी जांच के दायरे में
घटना के दिन प्रधानाध्यापक सीताशरण सिंह शैक्षिक संवाद में शामिल होने ब्यौहारी गए हुए थे। विद्यालय में अतिथि शिक्षक दुर्गा गुप्ता मौजूद थीं। प्रतिवेदन में समूह परिवर्तन के आदेश का पालन नहीं कराने और इसकी जानकारी समय पर संबंधित अधिकारियों को नहीं देने को लापरवाही माना गया है। बच्चों को परोसे गए भोजन के नमूने जांच के लिए खाद्य विभाग को भेजे गए हैं। इसके अलावा रसोइयों की ओर से स्वच्छता संबंधी निर्देशों के पालन की भी जांच की जा रही है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।