शहडोल: एक लाख की रिश्वत लेते उप पंजीयक गिरफ्तार।
- फोटो : सोशल मीडिया
आर्थिक अपराध शाखा रीवा ने उप पंजीयक शहडोल को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। उप पंजीयक जय सिंह सिकरवार ने आवेदक राजेश कुमार से 100 रजिस्ट्रियों की नकल प्रदान करने के एवज में एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी।
मंगलवार को ईओडब्ल्यू ने आवेदक की शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें उप पंजीयक द्वारा रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। ईओडब्ल्यू ने उप पंजीयक पर कार्रवाई दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू की और मंगलवार शाम करीब 4:15 बजे ईओडब्ल्यू की टीम जिला उप पंजीयक कार्यालय पहुंची। टीम ने कार्यालय के अंदर उपस्थित लोगों को बाहर भेजा और उसके मुख्य द्वार बंद कर जांच प्रारंभ की।
ईओडब्ल्यू रीवा के इंस्पेक्टर प्रवीण चतुर्वेदी ने बताया कि आवेदक राजेश कुमार मिश्रा ने शिकायत की थी कि उप पंजीयक शहडोल जय सिंह सिकरवार रजिस्ट्रियों की नकल प्रदाय करने एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा है। उप पंजीयक ने शिकायतकर्ता को अपने अधीनस्थ कर्मचारी दिवाकर द्विवेदी को एक लाख रुपये देने के लिए कहा था। जैसे ही आवेदक ने उसको एक लाख रुपये दिए, ईओडब्ल्यू ने उसे रंगे हाथों पकड़ा और रिश्वत के पैसे बरामद कर लिए। वहीं, जिन दस्तावेजों को प्रदाय करने के एवज में पैसे मांगे जा रहे थे, वह भी सिकरवार की कस्टडी से जब्त किए गए। लगभग 100 रजिस्ट्रियों के दस्तावेज प्रदान करने के लिए यह उप पंजीयक ने रिश्वत मांगी थी।