सिवनी में दो सगे भाइयों ने फूड कॉपरेशन में नौकरी और वाहन अटैचमेंट का झांसा देकर तीन युवकों से 29 लाख रुपए ठग लिए। पुलिस ने फर्जी नियुक्ति पत्र व दस्तावेज बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बेरोजगार युवकों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 29 लाख से अधिक की ठगी करने वाले दो सगे भाइयों को कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने युवकों को एफसीआई में नौकरी और एक सरकारी विभाग में वाहन अटैच कराने का प्रलोभन दिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से फर्जी नियुक्ति पत्र, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं।
2023 से 2025 के बीच वसूले 29,01,030 रुपए
जांच में आरोप सही पाए गए
दस्तावेजों और लेन-देन की जांच के दौरान आरोप सही पाए गए। इसके बाद 22 फरवरी 2026 को थाना कोतवाली सिवनी में संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा और एसडीओपी सचिन परते के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
नेहरू रोड स्थित घर से दबिश देकर गिरफ्तारी
मंगलवार रात पुलिस ने नेहरू रोड, सुभाष वार्ड स्थित निवास पर दबिश देकर सुनील शेल्के (50) और रवि शेल्के (62) को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी, एएसआई दिनेश रघुवंशी, प्रधान आरक्षक नवीन तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही मामले में अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी सरकारी नौकरी के लिए केवल अधिकृत विभागीय प्रक्रिया का ही पालन करें। अनजान व्यक्तियों को पैसे न दें और किसी भी संदिग्ध प्रस्ताव की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।