सिवनी जिला मुख्यालय में सोमवार सुबह दिल्ली में हुई चाकूबाजी जैसी घटना देखी गई। इसके चलते यहां सनसनी फैल गई। आक्रोशित लोगों ने पहले तो युवक की पिटाई की फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। युवक द्वारा युवती के गले व हाथ में चाकू मारे गए थे। युवती लहूलुहान हो गई। जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल सिवनी में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार को युवती जॉब के लिए प्रतिदिन की तरह गांव छिंदबर्री से आकर एलआईवी चौक हनुमान मंदिर के सामने दादू मोहल्ला से गुजर रही थी। तभी दिनदहाड़े मुख्य मार्ग में एक सिरफिरे युवक सुशील यादव ने उसे रोका और चाकू बरसाना शुरू कर दिया। युवक ने युवती के गले व हाथ में चाकू मारा। घटना देख आसपास के कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए युवक को पकड़ा और धुन दिया। गंभीर रूप से जख्मी हुई युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया तथा इसकी सूचना कोतवाली थाना प्रभारी को दी।
कोतवाली थाना प्रभारी महादेव नागोतिया ने बताया कि युवक सुशील यादव को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ जारी है। वहीं युवती का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। युवक ने युवती पर चाकू से क्यों प्रहार किया? इस बात की पतासजी में पुलिस जुटी हुई है।