सिवनी में कथित मॉब लिंचिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो की सत्यता व घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
सिवनी में मारपीट का एक बेहद संवेदनशील और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर बर्बरता का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है और मामले की सघन जांच शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन
बर्बरता का वीडियो वायरल
वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ लोग मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर रहे हैं। युवक की पीठ पर बेरहम पिटाई के गहरे निशान साफ नजर आ रहे हैं। दिल दहला देने वाली बात यह है कि पिटाई के बाद युवक की पीठ पर किसी लाल रंग की चीज का लेप लगाया जा रहा है। इस दौरान वहां मौजूद भीड़ तमाशबीन बनी हुई है, लोग पीड़ित पर हंस रहे हैं और उसे हमलावरों के पैर पकड़ने की नसीहत दे रहे हैं।
एक माह पुरानी है घटना
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना लगभग एक माह पुरानी है। पीड़ित युवक सिवनी के भोमा क्षेत्र का रहने वाला है। दबंगों के खौफ और डर के कारण पीड़ित ने इस मामले की शिकायत किसी से नहीं की थी। लोकलाज और जान के डर से वह फिलहाल नागपुर में रह रहा है। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आने के बाद क्षेत्र का माहौल गर्मा गया है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस और संगठन सख्त
मामला संज्ञान में आते ही कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने कहा कि वीडियो की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर यह मामला डूंडासिवनी या कोतवाली थाना क्षेत्र का लग रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, एआईएमआईएम (AIMIM) के डिविजनल इन-चार्ज शादाब पटेल ने कहा है कि इस अमानवीय कृत्य के विरोध में एसपी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस पीड़ित से संपर्क करने और घटना के असली कारणों का पता लगाने में जुटी है।