कैलाश सारंग को श्रद्धांजलि अर्पित करते सीएम शिवराज, वीडी शर्मा व अन्य
- फोटो : पीटीआई
मध्यप्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सारंग का शनिवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया था। रविवार यानी आज पूरे राजकीय सम्मान के साथ भोपाल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राज्य भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और अन्य नेता भी मौजूद रहे।
बीते दिनों अचानक तबीयत खराब होने पर 85 वर्षीय कैलाश सारंग को एयर एंबुलेंस कर मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश सारंग पूर्व मंत्री और नरेला विधायक विश्वास सारंग के पिता थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत मध्यप्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया।
पीएम मोदी ने जताया शोक
प्रधानमंत्री मोदी ने दुख जताते हुए कहा कि कैलाश सारंग जी ने मध्यप्रदेश में भाजपा को मजबूत करने के लिए कई प्रयास किए। राज्य के विकास में उनके अहम योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि सारंग को एक दयालु और मेहनती नेता के रूप में भी याद किया जाएगा। उनके निधन से मैं बहुत दुखी हूं। उनके परिवार और शुभचिंतकों के प्रति मेरी संवेदना है।
मध्यप्रदेश की राजनीति में अहम भूमिका
मध्यप्रदेश की राजनीति को जानने वाले पुराने लोग बताते हैं कि यहां की सियासत में दो ही घराने अहम रोल निभाते थे। एक गौर घराना, दूसरा सारंग घराना। सारंग और गौर ने भोपाल में कई कीर्तिमान रचे। भाजपा को मजबूत करने में यह दोनों ही दिग्गजों का बड़ा योगदान माना जाता है।
प्रधानमंत्री मोदी पर लिखी किताब
कैलाश सारंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर 'नरेंद्र से नरेंद्र' शीर्षक से किताब लिख चुके हैं। इसमें नरेंद्र मोदी के संघर्ष के दिनों से लेकर देश की सत्ता संभालने तक के सफर पर लिखा है। इसमें प्रधानमंत्री की जिदंगी में आए उतार-चढ़ावों का जिक्र किया गया है।
इमरजेंसी में जेल गए
भाजपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे कैलाश सारंग मीसाबंदी रह चुके हैं। वह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा देश में लागू इमरजेंसी के खिलाफ आवाज उठाने के लिए कई महीनों जेल में रहे थे।