Sehore News: सीहोर के चाणक्यपुरी में VIT यूनिवर्सिटी के इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के 45 वर्षीय प्रोफेसर संग्राम केसरी दास का शव उनके किराए के कमरे में मिला। शुरुआती जांच में किसी भी चोट या मारपीट के निशान नहीं पाए गए, मौत का कारण अज्ञात है। पढे़ं पूरी खबर
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
सीहोर के शांत माने जाने वाले चाणक्यपुरी क्षेत्र में अचानक हलचल मच गई, जब वीआईटी यूनिवर्सिटी के इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के प्रोफेसर संग्राम केसरी दास का शव उनके किराए के कमरे में बरामद हुआ।
ओडिशा मूल के प्रोफेसर दास, आष्टा स्थित वीआईटी में पढ़ाते थे। मकान मालिक और पड़ोसियों को तब शक हुआ जब प्रोफेसर पूरे दिन कमरे से बाहर नहीं निकले। दरवाजा खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। कमरे का दरवाजा खोलने पर प्रोफेसर शांत, निर्जीव पाए गए। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में किसी भी प्रकार के चोट या मारपीट के निशान नहीं मिले। कोतवाली टीआई रवीन्द्र यादव ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा।
यह घटना ऐसे समय में हुई जब वीआईटी यूनिवर्सिटी पहले से ही तनावपूर्ण स्थिति में है। बीती रात हजारों छात्रों ने कैंपस में तोड़फोड़ और आगजनी की। छात्रों का आरोप है कि हॉस्टल में मिलने वाला भोजन और पानी खराब था, जिससे दर्जनों विद्यार्थी पीलिया से प्रभावित हुए। कॉलेज प्रबंधन ने 30 नवंबर तक अवकाश की घोषणा की है। पुलिस ने कैंपस में सुरक्षा कड़ी कर दी है। 4000 से अधिक छात्रों ने हॉस्टल वार्डन और प्रबंधन पर लापरवाही और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। प्रोफेसर की रहस्यमयी मौत ने स्थिति और गंभीर बना दी है।