सलकनपुर में मां विजयासन के चरणों में नतमस्तक हुए शिवराज
शारदीय नवरात्रि की पावन बेला में मां विजयासन धाम सलकनपुर एक बार फिर आस्था और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। शनिवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान अपनी धर्मपत्नी के साथ मां विजयासन के दरबार पहुंचे। उन्होंने माता रानी के चरणों में शीश नवाकर दर्शन किए और देश-प्रदेश के नागरिकों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। देवी धाम में दर्शन के दौरान उनकी आस्था और श्रद्धा का भाव नजर आया। उन्होंने मां से सभी को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की, ताकि लोग सद्मार्ग पर चलें और राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान दे सकें।
मां के दरबार में देश और विश्व कल्याण की प्रार्थना
दर्शन के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मां विजयासन सभी को सद्बुद्धि दें, जिससे हर व्यक्ति सत्य और सद्मार्ग पर चलते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सभी को देश की प्रगति के लिए अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भारत के कल्याण की जिम्मेदारी तो है ही, लेकिन दुनिया में जिस तरह की परिस्थितियां बन रही हैं, उनमें भी भारत से उम्मीदें जुड़ी हुई हैं। उनका यह संदेश राष्ट्रहित के साथ विश्व कल्याण की भावना को भी रेखांकित करता है।
ये भी पढ़ें-
अमानवीयता: नवरात्रि का हवाला देकर मकान मालिक ने घर में नहीं ले जाने दिया शव, अस्पताल के बाहर हुए संस्कार
देवीलोक का निरीक्षण, विकास कार्यों का लिया जायजा
मां विजयासन धाम पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री का भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत-सत्कार किया। इस दौरान उन्होंने सलकनपुर में विकसित हो रहे देवीलोक का निरीक्षण भी किया। मां विजयासन धाम प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है, जहां नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर परिसर और आसपास चल रहे विकास कार्यों का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर धार्मिक एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। देवीलोक के विकास के साथ इस धार्मिक स्थल की पहचान और आकर्षण को विस्तार देने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
हर नवरात्रि में मां के दरबार में लगाते हैं हाजिरी
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां विजयासन धाम के प्रति गहरी आस्था रही है। वे प्रत्येक वर्ष नवरात्रि के अवसर पर सलकनपुर पहुंचकर माता रानी के दर्शन करते हैं और देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना करते हैं। मुख्यमंत्री रहते हुए भी उनका इस धार्मिक स्थल से विशेष जुड़ाव रहा। उनके कार्यकाल में सलकनपुर देवी मंदिर के विकास और कायाकल्प की दिशा में कार्य किए गए। अब देवीलोक के निर्माण एवं विकास कार्यों के जरिए इस धाम को और भव्य स्वरूप देने का प्रयास जारी है।