यात्री प्रतीक्षालय पर शटर लगाकर कर लिया दंबगों ने कब्जा
- फोटो : अमर उजाला
आष्टा जिले में दबंगों के हौंसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने इंदौर-भोपाल हाईवे पर स्थित यात्री प्रतीक्षालय तक को नहीं छोड़ा। डाबरी जोड़ पर बने इस प्रतीक्षालय पर दबंगों ने न सिर्फ कब्जा कर लिया, बल्कि वहां शराबखोरी का अड्डा भी बना दिया है। तीन दुकानों में से एक पर शटर लगवाकर यह अवैध कारोबार किया जा रहा है, जबकि पास ही स्थित एक गुमठी से इस गतिविधि को संचालित किया जा रहा है।
शुक्रवार को जब स्थानीय लोगों और यात्रियों की शिकायतों के आधार पर तहसीलदार आरएन पगारे और पार्वती पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दबंगों को चेतावनी दी, तो वे कुछ समय के लिए वहां से हट गए। लेकिन अवैध गतिविधियां नहीं रुकीं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि प्रशासनिक कार्रवाई नाकाफी साबित हो रही है।
लंबे समय से कब्जा
स्थानीय लोगों के अनुसार, डाबरी जोड़ पर बना यह यात्री प्रतीक्षालय काफी समय से दबंगों के कब्जे में है। शटर लगी दुकान में शराब पिलाई जाती है और नशे में अक्सर झगड़े और हंगामे की घटनाएं होती हैं, जिससे यात्रियों और राहगीरों में भय का माहौल बना रहता है।
ये भी पढ़ें;
कांग्रेस की चुनावी तैयारियों का आगाज, मांडू में जुटे सभी विधायक, राहुल गांधी वर्चुअली होंगे शामिल
प्रशासन ने दी चेतावनी
शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए आष्टा तहसीलदार आरएन पगारे और पार्वती पुलिस ने अवैध गुमठी को हटवाया और प्रतीक्षालय से कब्जा हटाने की चेतावनी दी। बावजूद इसके, अवैध शराब गतिविधि पर अंकुश नहीं लग सका। इससे लोगों में प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है।
जल्द होगी सख्त कार्रवाई
तहसीलदार आरएन पगारे ने बताया कि एसडीएम कार्यालय में शिकायत मिलने पर कार्रवाई की गई थी। अवैध गुमठी को हटाया गया है और प्रतीक्षालय की दुकान में शटर लगाकर किए गए अवैध कब्जे को भी हटाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि अवैध गतिविधियां जारी रहीं, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।