पूरे मामले में कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत और नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम को चोरी की वारदात का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस के अनुसार फरियादी कार्तिक राय पिता महेश राय निवासी बढ़ियाखेड़ी ने 20 मई को थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे 16 मई को परिवार सहित दमोह जिले में तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। 19 मई की रात जब परिवार वापस लौटा तो घर का मुख्य ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी और सामान बिखरा पड़ा था। घर से सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये नगद गायब थे।
चोरी की गंभीर वारदात को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और तकनीकी डाटा का विश्लेषण किया गया। साथ ही क्षेत्रीय मुखबिरों को सक्रिय कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। लगातार जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच ने पूरे मामले को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई।
एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने बताया कि पुलिस ने आरोपी अंकित दीक्षित पिता विजय दीक्षित (22) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सोने का मंगलसूत्र, हार, कान के टॉप्स, टीका, अंगूठी, चेन, चार सोने के कंगन, चार चांदी की पायल और 9500 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी पहले सूने मकानों की रेकी करता था। जब घर में कोई नहीं होता था, तब वह मौका देखकर ताला तोड़कर अंदर घुस जाता और कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाता था। पुलिस को आशंका है कि आरोपी चोरी की अन्य वारदातों में भी शामिल हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
चोरी की वारदात का खुलासा होने के बाद क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर अच्छा काम किया है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि घर सूना छोड़ने की स्थिति में आसपास के लोगों और पुलिस को सूचना जरूर दें तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखें, ताकि चोरी जैसी घटनाओं को रोका जा सके।