मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में आने वाले शाहगंज के पास स्थित ग्राम हथलेवा में स्कूल बस ने बाइक सवारों को कुचल दिया, जिससे बाइक पर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं। मामले में सूचना मिलने के बाद शाहगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल बच्चों को उपचार के लिए बुधनी अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, स्कूल की बस प्रतिदिन शाहगंज के पास हथलेवा गांव में बच्चों को छोड़ने जाती है। बुधवार दोपहर 3:30 बजे जब यह बस शाहगंज जा रही थी तो बाइक पर सवार होकर आ रहे ग्राम हथलेवा निवासी बृजेश पिता हरिचरण (25), रामनाथ पिता तंतीलाल अहिरवार (60), अरविंद (आठ) और राजू (छह) को बस ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि हादसे में बृजेश और रामनाथ की मौके पर मौत हो गई है। जबकि बाइक पर सवार दो बच्चे अरविंद और राजू गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक रामनाथ दोनों बच्चों के दादा बताए गए हैं। घायल दोनों बच्चों की हालत गंभीर होने पर उपचार के लिए बुधनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में शाहगंज थाना प्रभारी पंकज वाडेकर ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। हादसे में मृतकों की पहचान बृजेश अहिरवार और रामनाथ अहिरवार के रूप में हुई है, दोनों ग्राम हथलेवा के निवासी हैं।
दुष्कर्म ओर छेड़छाड़ के आरोपियों को पुलिस ने दबोचा
महिलाओं के विरुद्ध घटित अपराधों में कुछ ही घंटे में थाना जावर के दुष्कर्म व थाना आष्टा के छेड़छाड़ के आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, 28 जनवरी को फरियादिया निवासी मोगियापुरा जावर ने थाना आकर सूचना दी कि बीती रात उसके साथ कुलदीप पिता बजेसिह भाटी निवासी मोगियापुरा जावर के द्वारा बलात्कार किया। मामले में थाना जावर पुलिस ने मोगियापुरा जावर से आरोपी कुलदीप पिता बजे सिंह भाटी (19) निवासी मोगियापुरा जावर को गिरफ्तार किया।
वहीं, एक अन्य मामले में थाना आष्टा में पीड़िता नाबालिग बालिका की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 61/2025 धारा 74, 75 BNS एवं 7, 8, 11 और 12 पॉक्सो एक्ट का कायम कर विवेचना में लिया गया। उक्त प्रकरण में पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्णपाल मेवाड़ा पिता लखन मेवाड़ा निवासी ग्राम छापरी तालुक थाना आष्टा को थाना तलब कर विधिवत कार्रवाई की गई।