सीहोर के बुधनी नगर में सोमवार को दो मासूम बच्चों के अपहरण की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआत में सोशल मीडिया पर यह अफवाह फैली कि किसी अज्ञात महिला ने बच्चों को उठा लिया है। लेकिन जब पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले तो सच्चाई सामने आ गई। अपहरणकर्ता कोई और नहीं, बल्कि बच्चों की अपनी मां ही निकली। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया। CCTV फुटेज में काली साड़ी पहनी महिला और हेलमेट लगाए एक युवक बाइक पर नजर आए। यही लोग बच्चों को स्कूल बस से उतरने के बाद अपने साथ ले जाते दिखे।
मां निकली अपहरणकर्ता
जांच में सामने आया कि बच्चों को उठाने वाली महिला उनकी सगी मां नीरजपुरी उर्फ नीतू (29) है। वह पहले से ही घात लगाए बैठी थी और जैसे ही बच्चे बस से उतरे, उसने उन्हें बाइक पर बैठाकर युवक के साथ भगा लिया। पुलिस पड़ताल में खुलासा हुआ कि नीतू और उसके पति मुकेश पुरी के बीच पिछले कुछ महीनों से विवाद चल रहा है। मामला फिलहाल बैतूल जिला न्यायालय में विचाराधीन है। अदालत ने बच्चों की देखरेख की जिम्मेदारी पिता को सौंपी थी। इसी वजह से बच्चे अपने दादा-दादी के साथ बुधनी में रह रहे थे।
दादी को पहले से था शक
बच्चों की दादी शारदा बाई ने बताया कि उन्हें पूरा विश्वास था कि बच्चों को उनकी मां ही ले गई है। उनका बेटा मुकेश बस ड्राइवर है और काम पर जाता है, इसलिए बच्चे उनकी देखरेख में रहते थे। मां कई बार बच्चों से मिलने की जिद करती थी, लेकिन परिवार ने उसे अनुमति नहीं दी।
पुलिस की तत्परता
सूचना मिलते ही नगर निरीक्षक चैन सिंह रघुवंशी ने टीम के साथ जांच शुरू की। मां के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई और बिलकिसगंज थाना क्षेत्र में नाकेबंदी कराई गई। इसी दौरान पुलिस ने मां, बाइक सवार युवक और दोनों बच्चों को सुरक्षित अभिरक्षा में ले लिया।
स्कूल प्रबंधन की गवाही
घटना से पहले मां स्कूल भी पहुंची थी और बच्चों को अपने साथ ले जाने की जिद की थी, लेकिन प्रबंधन ने पिता या दादा-दादी की अनुमति के बिना बच्चों को देने से मना कर दिया। इसके बाद उसने रास्ते में बच्चों को रोककर ले जाने की योजना बनाई।पुलिस ने बाइक सवार युवक की पहचान शंभू पुरी के रूप में की है, जो मंदसौर का निवासी है। वह नीतू के साथ रह रहा था और बच्चों को ले जाने में उसकी मदद कर रहा था। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है और मामले की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें- Indore News: अनवर कादरी पर धोखाधड़ी के मामले में FIR, फर्जी दस्तावेज से महिला का मकान बेचने का आरोप