सीहोर कलेक्ट्रेट पहुंचकर गोपालक किसानों ने ज्ञापन दिया है। दूध कंपनियों पर काफी कम दाम में दूध खरीद कर लोगों को महंगे दामों पर दूध बेचने का आरोप गोपालकों ने लगाया है। पशुचारा दाना की बढ़ती कीमतों से हैरान गोपालक किसानों को अब दूध के गिरते दामों ने परेशान कर दिया है। गोपालकों ने कलेक्टर से सरकारी स्तर पर गाय का दूध 50 रुपये लीटर और भैस का दूध 60 रुपये लीटर कराए जाने की मांग की है।
गोपालक किसान विनय सिंह दांगी ने बताया कि सरकारी दूध संघ गोपालकों से गाय का दूध 25 रुपये लीटर और भैस का दूध 32 रुपये लीटर खरीदकर अमूल, सांची जैसी अन्य कंपनियों को उपलब्ध करा रहा है। यह कंपनियां आम शहरी उपभोक्ताओं को पैकेट में 60 से 80 रुपये लीटर के भाव से दूध उपलब्ध करा रही है।
गोपालक किसानों आर्थिक नुकसान देकर कंपनियां मुनाफा कमा रही हैं। जबकि पशुओं का चारा और दाना खली काफी महंगा हो गया है। गोपालक किसान दूध बेचकर भी खर्चा नहीं निकाल पा रहा है। ज्ञापन देने वालों में गोपालक विनय सिंह दांगी, प्रमोद नागर, सुमित, लखन पारीदार, राम सिंह, भेरूलाल, मांगीलाल, मुकेश, भैयालाल आदि शामिल रहे।