कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन किया
- फोटो : अमर उजाला
अव्यवस्थाओं के चलते सुर्खियों में बना रहने वाला सीहोर जिला अस्पताल एक बार फिर से चर्चाओं में आ गया है। दरअसल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने जिला अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। मप्र शासन के मंत्री प्रहलाद पटेल द्वारा दिए गए बयान और जिला अस्पताल की अव्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को कांग्रेस ने लीसा टॉकीज चौराहे पर धरना प्रदर्शन किया।
धरना प्रदर्शन के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। जिलाध्यक्ष गुजराती ने आरोप लगाते हुए कहा कि जिला अस्पताल के कुछ डॉक्टर-कर्मचारियों ने जिला अस्पताल के 40 नंबर कमरे को बार (मयखाना) बनाकर रख दिया है। इस कमरे में अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी दारू पीते हैं और इसके बाद मरीजों का इलाज करते हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि जिला अस्पताल प्रबंधन निरकुंश हो गया है। मैं तो नाम लेकर कहना चाहता हूं कि डॉ. प्रवीर गुप्ता जो सिविल सर्जन है उन्होंने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को बदहाल कर दिया है। आए दिन अस्पताल में स्टॉफ सर फुटब्बल कर रहा है। 40 नंबर कमरे को बार बना दिया गया है। वहां दारू पीकर कर्मचारी और डॉक्टर ड्यूटी करते हैं। यह सीएमएचओ के संज्ञान में भी है, जिला प्रशासन के संज्ञान में भी है। लिफ्ट बंद पड़ी है। स्थिति यह है कि 10 से अधिक सफाईकर्मी हैं जो कोई लैब टेक्नीशियन का काम कर रहा है तो कोई मेडिकल में दवाइयां बांट रहा है। आखिर आप जिला अस्पताल को चला रहे हैं या सर्कस चला रहे हैं। जवाब देना चाहिए। जिला अस्पताल नरक बन गया है। मरीजों को खुद यहां पर स्टॅक्चर धकेलना पड़ता है। समय पर डॉक्टर उपलब्ध नहीं रहते हैं।
मरीजों को परेशान होना पड़ता है। यहां पर पदस्थ साफ-सफाई कर्मचारी लैब, मेडिकल संभाल रहे हैं। इस स्थिति से सीएमएचओ, कलेक्टर को भी अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। यदि तुरंत जिला प्रशासन नहीं जागा और जिला अस्पताल प्रबंधन पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस उग्र प्रदर्शन करेगी।
कार्रवाई नहीं होने तक जारी रहेगी कांग्रेस की लड़ाई
सीहोर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं संगठन के निर्देश पर सीहोर जिलेभर में कांग्रेस द्वारा धरना-प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। हमारी यह लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक कि मंत्री प्रहलाद पटेल एवं सीहोर जिला अस्पताल प्रबंधन पर कार्रवाई नहीं हो जाती है। हम आम जनता को भिखारी बताने वाले मंत्री के खिलाफ लगातार लड़ाई जारी रखेंगे। जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा है कि लोकतंत्र में जनता ही भगवान होती है और भाजपा सरकार के मंत्री प्रहलाद पटेल जनता को ही भिखारी बता रहे हैं। उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि चुनाव के दौरान वे भी इसी जनता के पैर छूने और उनके सामने नाक रगड़ने जाते हैं।