इस समय वैवाहिक सीजन चल रहा है। नगर के सभी मैरिज गार्डन फुल चल रहे हैं। गार्डन संचालकों के पास वाहन पार्किंग का अभाव होने से वाहनों की पार्किंग मुख्य सड़क पर ही पार्क हो रही हैं, जिससे प्रतिदिन जाम के हालात निर्मित हो रहे हैं। इस दौरान वाहनों को साइड न मिलने से भी प्रतिदिन विवाद की स्थिति निर्मित हो रही हैं। बावजूद इसके अब तक कोई भी कार्रवाई गार्डन संचालकों के विरूद्ध नहीं की जा सकी है।
भैरूंदा में भी मंगलवार रात को कुछ ऐसा ही एक घटनाक्रम देखने को मिला, जिसमें सीहोर रोड स्थित महक वाटिका गार्डन के सामने मुख्य मार्ग पर खड़ी एक कार को किसी अज्ञात वाहन चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ मिनटों के बाद कार में अचानक से आग लग गई। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी जानकारी तत्काल पुलिस व नगर परिषद को दी।
पढ़ें: 12वीं के वाणिज्य संकाय में ग्वालियर की रिमझिम ने लहराया परचम, प्रदेश में पहला स्थान पाया
जानकारी के मुताबिक सामने से आए अज्ञात वाहन ने सड़क पर खड़ी कार व वाहनों में सीधी टक्कर मार दी। इसके बाद कार के इंजन से धुंआ उठने लगा। देखते ही देखते अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कार में आग लगने से आग फैलने का भी खतरा मंडराने लगा। आग लगने की सूचना मिलते ही नगर परिषद की दोनों दमकल मौके पर पहुंची और तत्काल आग पर काबू पाया। थाना प्रभारी घनश्याम दांगी के मुताबिक घटना में घायल हुए कार चालक को सिविल अस्पताल भर्ती कराया गया है।
गार्डन संचालकों के पास नहीं पार्किंग की व्यवस्था
भैरूंदा सहित जिलेभर के अनेक गार्डन संचालकों के पास पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। इस समय वैवाहिक सीजन चलने के कारण गार्डन फुल चल रहे हैं। इसके चलते गार्डनों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के दौरान यहां आने वाले लोग अपने वाहनों को सड़कों पर खड़ा कर देते हैं। इससे कई बार जाम की स्थिति भी बन जाती है, लेकिन इस दिशा में जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।