नगर पालिका के राजस्व विभाग से हुई चोरी
- फोटो : अमर उजाला
सीहोर में सोमवार को दिनदहाड़े सुबह 11 बजे नगर पालिका कार्यालय से चोरी हुआ है। राजस्व विभाग की टेबल से देखते ही देखते 97 हजार रुपये गायब हो गए। चोरी की इस घटना से नगर पालिका में हड़कंप मच गया। चोरी किसने की यह अभी पता नहीं चल सका है।
नगर पालिका के आरआई संजय शुक्ला ने आमदनी की राशि 97 हजार की राशि निकालकर टेबल पर रखी थी और रोजाना की तरह कार्यालय कार्य करने लगे। इसी दौरान फोन आने पर वह अपनी कुर्सी से उठकर बाहर आ गए। इतनी ही देर में किसी ने उनकी टेबल से 97 हजार रुपये चोरी कर लिए। उन्होंने इसकी जानकारी नगर पालिका सीएमओ को दी है और चोरी के संबंध में थाना कोतवाली सीहोर में भी शिकायत दर्ज कराई है।
उल्लेखनीय है कि नगर पालिका के राजस्व विभाग में रोजाना दुकानों का टैक्स, संपत्ति कर, कारखानों का टैक्स जमा होता है। गौरतलब है कि नगर पालिका के राजस्व विभाग में रोजाना हजारों रुपये की आमदनी रखी रहती है। लेकिन यहां पर सीसीटीवी कैमरे तक नहीं लगाए गए हैं। इस संबंध में आरआई संजय शुक्ला ने बताया कि आमदनी के पैसे रखे थे। फोन पर बात करने करने बाहर गया, इतनी ही देर में किसी ने 96 हजार 990 रुपये चुरा लिए। इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है और थाना कोतवाली में भी शिकायती आवेदन दिया गया है।