सीहोर के कपिल परमार को अर्जुन अवॉर्ड मिलेगा
- फोटो : अमर उजाला
सीहोर के जूडो खिलाड़ी कपिल परमार को अर्जुन पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई है। परमार को भारत के प्रतिष्ठित खेल पुरस्कार अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्र्रपति द्रौपदी मुर्मू 17 जनवरी, 2025 सुबह 11 बजे राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में पुरस्कार प्रदान करेंगी।
केंद्रीय खेल मंत्रालय ने 2 जनवरी को नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड 2024 का ऐलान किया है। इसके तहत 34 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॅार्ड दिया गया है। इसमें मध्य प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले पैरा-जूडो खिलाड़ी कपिल परमार को भी चयनित किया गया है। उल्लेखनीय है कि कपिल ने पुरुष 60 किग्रा जे1 स्पर्धा के कांस्य पदक मुकाबले में ब्राजील के एलिएलटन डि ओलिवेरा को 10-0 से हराया था, लेकिन सेमीफाइनल में ईरान के एस बनिताबा खोर्रम अबादी से पराजित हो गए थे। परमार को दोनों मुकाबलों में एक-एक पीला कार्ड मिला था। कपिल भले ही स्वर्ण नहीं ला सके, लेकिन कांस्य पदक जीतने में सफल रहे थे। कपिल ने इसके साथ ही इतिहास रच दिया था क्योंकि वह भारत के पहले जूडो खिलाड़ी हैं, जिन्होंने पैरालंपिक या ओलंपिक में कोई पदक अपने नाम किया था। परमार ने 2022 एशियाई खेलों में इसी वर्ग में रजत पदक जीता था।
करंट लगने से आंखों की रोशनी खोई थी
पैरा जूडो में जे1 वर्ग में वो खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं जो दृष्टिबाधित होते हैं या फिर उनकी कम दृष्टि होती है। 12 साल की उम्र में करंट लगने के कारण कपिल की आंखें 80 प्रतिशत तक खराब हो गई थीं। अर्जुन पुरस्कार मिलने से परमार के घर खुशी का माहौल है।
खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिलता है अर्जुन पुरस्कार
‘खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार’ पिछले चार वर्षों की अवधि में अच्छे प्रदर्शन तथा नेतृत्व, खेल कौशल और अनुशासन की भावना दिखाने के लिए दिया जाता है। अर्जुन अवार्ड के लिए आवेदन ऑनलाइन आमंत्रित किए गए थे और खिलाडिय़ों/प्रशिक्षकों/ संस्थाओं को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं आवेदन करने की अनुमति दी गई थी। इस वर्ष इन पुरस्कारों के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर भारत के सर्वोच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) वी. रामसुब्रमण्यम की अध्यक्षता वाली चयन समिति द्वारा विचार किया गया और इसमें प्रख्यात खिलाड़ी, खेल पत्रकारिता में अनुभव रखने वाले गणमान्य व्यक्ति और खेल प्रशासक शामिल थे।