घर पर चोरी। (प्रतीकात्मक फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
सीहोर शहर में लगातार बढ़ती चोरी की वारदात ने पुलिस की नींद हराम कर रखी है। बीती रात नेहरू कॉलोनी के एक मकान पर चोरों ने धावा बोला और लाखों का माल समेटकर चलते बने। पीड़ित परिवार रिश्तेदार के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने इंदौर गया हुआ था। चोरों ने अलमारी और तिजोरी से दस लाख रुपये की ज्वैलरी, चांदी के बर्तन और सिक्के और 80 हजार रुपये नकदी चोरी कर ली। घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नेहरू कॉलोनी निवासी ज्वेलर्स राजू झंवर अपने परिवार सहित इंदौर रिश्तेदारी में श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। उनकी पत्नी पहले ही इंदौर चली गई थीं, जबकि वह और उनका बेटा गुरुवार शाम ट्रेन से रवाना हुए। घर सूना होने पर उन्हें भरोसा था कि निचले तल पर मकान मालिक का परिवार मौजूद है, इसलिए कोई खतरा नहीं होगा। चोरों ने ऊपर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आसानी से वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान मकान मालिक चैन की नींद सोते रहे, उन्हें चोरों का जरा भी अहसास नहीं हुआ।
यह भी पढ़े-
सात दिन में मिले आठ हीरे, पन्ना की खदान में चमकी रचना की किस्मत, सबसे बड़े हीरे का वजन 0.79 कैरेट
अलमारी की चाबी से खोली तिजोरी
जानकारी के अनुसार चोरों ने पहले सीढ़ियों पर लगे दरवाजे का ताला तोड़ा, फिर ऊपरी मंजिल का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। घर में अलमारी और तिजोरी की चाबियां हमेशा की तरह रखी मिलीं, जिन्हें उठाकर चोरों ने आसानी से अलमारियों को खोला। वहां रखी लगभग दस लाख की सोने-चांदी की ज्वैलरी, बर्तन और सिक्कों के साथ 80 हजार नकद अपने साथ ले गए। सुबह मकान मालिक ने टूटा हुआ ताला देखा और तुरंत झंवर परिवार और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की जांच और बढ़ते सवाल
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस, डॉग स्क्वाड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान कुत्ता नेहरू कॉलोनी से उमराव के बगीचे होते हुए नाले तक गया, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि चोर नाले के रास्ते से फरार हुए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कोतवाली थाना प्रभारी रविंद्र यादव ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय रूप से काम कर रही है। हालांकि शहर में लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से नागरिकों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।