सीहोर में सहारा इंडिया कंपनी पर बड़ा खुलासा हुआ है। रुपया दोगुना करने का लालच देकर 70 लाख की पॉलिसी कराई गई, परिपक्वता पर राशि लौटाने से इंकार कर दिया गया। शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने भोपाल से जोनल मैनेजर शिवाजी सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार सीहोर इंग्लिश पुरा निवासी राजाराम राठौर और उनकी पत्नी भारती राठौर ने वर्ष 2016 से 2019 के बीच सहारा इंडिया कंपनी में लगभग 70 लाख रुपये जमा किए। कंपनी ने उन्हें लालच दिया कि रकम दोगुनी कर वापस मिलेगी। पॉलिसियों की परिपक्वता 2020 से 2022 के बीच थी, जिसमें उन्हें लगभग एक करोड़ रुपये मिलना थे।
ये भी पढ़ें-
रिटायर्ड DSP को जमीन पर पटककर पीटा, पत्नी-बेटों ने रस्सी से बांधकर घसीटा, कपड़े भी उतारे; जानें क्यों
समय पूरा, फिर भी नहीं लौटी रकम
जब दंपती परिपक्वता के बाद पैसे लेने कंपनी की सीहोर शाखा पहुंचे, तो कैशियर योगेंद्र चौधरी और मैनेजर एस.के. मगरडे ने भुगतान से साफ इंकार कर दिया। उन्होंने केवल इतना कहा कि पैसे हेड ऑफिस से आएंगे तभी देंगे। लेकिन कई बार मांग करने पर भी रकम नहीं दी गई।
भोपाल ऑफिस से भी खाली हाथ लौटे
हताश दंपती जब भोपाल ऑफिस पहुंचे और रीजनल मैनेजर जयप्रकाश श्रीवास्तव तथा जोनल मैनेजर शिवाजी सिंह से मिले, तो वहां भी उन्हें टका सा जवाब मिला। अधिकारियों ने रकम देने से मना कर दिया और उल्टा उन्हें भगा दिया। इस घटना से पीड़ित दंपती को गहरा धक्का पहुंचा।
ये भी पढ़ें-
चार साल की बच्ची से दुष्कर्म, दरिंदे को मौत की सजा; हैवानियत के बाद घोंटा था गला, DNA बना बड़ा सबूत
पुलिस ने दर्ज किया मामला
04 जनवरी 2023 को पीड़ित ने थाने में लिखित शिकायत दी। जांच के बाद कोतवाली पुलिस ने चार लोगों सीहोर शाखा मैनेजर एसके मगार्डे, कैशियर योगेंद्र चौधरी, रीजनल मैनेजर जयप्रकाश श्रीवास्तव और जोनल मैनेजर शिवाजी सिंह पर मामला दर्ज किया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 05/2023 धारा 420, 409, 34 भादवि एवं मध्यप्रदेश निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम की धारा 6(1) के तहत प्रकरण कायम किया।
भोपाल से दबोचा गया जोनल मैनेजर
पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत व नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदन शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रविंद्र यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। आखिरकार पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी शिवाजी सिंह भोपाल में एमपी नगर क्षेत्र में छिपा है। तत्काल दबिश दी गई और शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है ताकि आगे पूछताछ कर अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाई जा सके।
ठगी की जद में आए और लोग भी
शिकायतकर्ता ने बताया कि सिर्फ वे ही नहीं, बल्कि सीहोर और आसपास के कई लोगों से भी इसी तरह रकम दोगुनी करने का लालच देकर ठगी की गई है। कंपनी अधिकारियों ने करोड़ों रुपये का गबन किया और लोगों की गाढ़ी कमाई डुबो दी।