पुरुषोत्तम मास की पावन शिवरात्रि पर 13 जून को एक विशेष आध्यात्मिक आयोजन होने जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सान्निध्य में कुबेरेश्वर धाम से ऑनलाइन शिव महारुद्राभिषेक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश के लाखों श्रद्धालु एक साथ भगवान शिव का अभिषेक और पूजन करेंगे।
पंडित प्रदीप मिश्रा के अनुसार इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य घर-घर शिवलिंग, हर घर शिवलिंग के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है। श्रद्धालु अपने घरों में शिवलिंग स्थापित कर विधि-विधान से भगवान शिव का अभिषेक करेंगे। आयोजकों का मानना है कि यह अभियान सनातन संस्कृति और शिवभक्ति को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
ये भी पढ़ें: सर्पदंश के बाद अंधविश्वास की भेंट चढ़ी महिला: डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, परिजन कराते रहे झाड़-फूंक
कुबेरेश्वर धाम से होने वाले इस आयोजन का सीधा प्रसारण आस्था चैनल, यू ट्यूब और फेसबुक सहित विभिन्न डिजिटल माध्यमों पर किया जाएगा। इससे देश और विदेश में रहने वाले श्रद्धालु अपने घरों से ही इस धार्मिक आयोजन में सहभागी बन सकेंगे। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से पहले से पूजन सामग्री की तैयारी करने का आग्रह किया है। महारुद्राभिषेक के लिए शमी पत्र, बेलपत्र, 11 साबुत चावल के दाने, कनेर का पुष्प, गुड़ या शक्कर मिश्रित कच्चा दूध सहित अन्य पूजन सामग्री रखने की सलाह दी गई है। इसके अलावा दूध, दही, घी, शहद, शक्कर, चंदन, इत्र, सुपारी, रोली, अक्षत, मोली, कपूर, दीपक, धूप, फल, मिठाई और पुष्प का भी उपयोग किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी मनोज दीक्षित ने बताया कि पंडित प्रदीप मिश्रा लंबे समय से सनातन संस्कृति, धार्मिक मूल्यों और शिवभक्ति के प्रचार-प्रसार में सक्रिय हैं। उनकी कथाओं और धार्मिक आयोजनों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुड़ते रहे हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पुरुषोत्तम मास की शिवरात्रि भगवान शिव की आराधना के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है। इस दिन विधि-विधान से किए गए पूजन और अभिषेक को विशेष फलदायी माना जाता है।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे स्वयं इस ऑनलाइन महारुद्राभिषेक से जुड़ें और अपने परिवार तथा परिचितों को भी इसमें सहभागी बनने के लिए प्रेरित करें। उनका विश्वास है कि यह आयोजन शिवभक्ति, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने का माध्यम बनेगा।