सीहोर में दो लोगों के साथ अमानवीयता का मामला सामने आया है।
- फोटो : सोशल मीडिया
सीहोर में दिल को झकझोरने वाला मामला सामने आया है। अमानवीयता का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें दिख रहा है कि भीड़ ने दो लोगों को बांधकर उन्हें महिलाओं के पकड़े पहना दिए हैं और गोबर खाने पर मजबूर किया जा रहा है। दोनों युवकों से अभद्र भाषा में बात की जा रही है। भीड़ ने उनके बाल काटकर भी बेइज्जत किया।
ये भी पढ़ें-
CM मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में होगा 'संवाद'; मध्य प्रदेश के विकास के रोडमैप पर करेंगे चर्चा
वीडियो दोराहा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। इसे लेकर थाना दोराहा में स्वयं संज्ञान लेकर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। वीडियो के आधार पर पुलिस पीड़ितों एवं अज्ञात आरोपियों की तलाश कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार जिले के बुगली ग्राम में दो युवकों के साथ भीड़ ने अमानवीय बर्ताव किया। दोनों युवक मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। बताया जाता है कि सोमवार रात को गांव के कुछ लोगों ने उन्हें किसी मामले में संदेह के आधार पर पकड़ा था। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें बेरहमी से पीटा और जबरन लड़कियों के कपड़े पहनाए। इसके बाद रस्सी से बांधकर गोबर खिलाया और बाल काटकर बेइज्जत किया। आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया जो मंगलवार को सामने आया है। मामले में अभी पुलिस को फरियादी और आरोपी नहीं मिले हैं। वीडियो के आधार पर पुलिस को संदेह है कि आरोपी बेलदार समाज के हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें-
'अमर उजाला संवाद' में हिस्सा लेंगे रवि किशन; राजनीति और सिनेमा से जुड़े मुद्दों पर करेंगे बात
इस संबंध में दोराहा थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। इसके आधार पर पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए आपराधिक प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने अभी किसी को नहीं पकड़ा है। वहीं मामले में एडिशनल एसपी सुनीता रावत का कहना है कि वायरल वीडियो में कुछ लोग दो युवकों को पकड़कर मारपीट कर रहे हैं, उन्हें गोबर खिला रहे हैं और बाल काट रहे हैं। साथ ही अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। यह घटना थाना दोराहा क्षेत्र के ग्राम बुगलीवाली की बताई जा रही है, जहां के बेलदार समाज से जुड़ा मामला है। वायरल वीडियो के आधार पर थाना दोराहा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पीड़ितों और आरोपियों की तलाश कर रही है।