जिला अस्पताल में बनेगी हेल्प डेस्क
- फोटो : सोशल मीडिया
सीहोर जिला अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने आते हैं, लेकिन जानकारी के आभाव में उन्हें कई बार यहां वहां भटकना पड़ता है। मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी न हो इसलिए अब जिला अस्पताल में हेल्प डेस्क बनाया जा रहा है।
अस्पताल में व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर सिविल सर्जन डॉ. प्रवीर गुप्ता ने बताया कि अस्पताल में जो कमियां हैं, उनको देख रहा हूं। धीरे-धीरे सभी में सुधार किए जाएंगे। यहां मरीजों को परेशान न होना पड़े, इसलिए हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। इसमें 24 घंटे कर्मचारी उपलब्ध रहेंगे। ओपीडी में कौन विशेषज्ञ कहां बैठा है? कौन सा विभाग कहां पर है? या फिर स्वास्थ्य योजना संबंधी जानकारी के लिए मरीजों को भटकना नहीं पड़ेगा।
मैटरनिटी के लिए टोकन सिस्टम होगा शुरू
सिविल सर्जन डॉ. प्रवीर गुप्ता ने बताया कि मैटरनिटी में जांच के दौरान काफी भीड़ होती है, प्रसूताओं की सुविधा के लिए जल्दी टोकन सिस्टम की शुरूआत की जाएगी। माइक से अनाउसमेंट कर एक के बाद एक प्रसूताओं को उपचार के लिए बुलाया जाएगा। इससे उन्हें कतार में खड़ा न रहना पड़े।
चार डॉक्टरों तो नोटिस जारी
सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक डॉक्टरों को ओपीडी में रहने के निर्देश हैं, यहां आने वाले मरीज परेशान होते रहते हैं। अब इस मनमानी पर रोक लगाने के लिए सिविल सर्जन ने उन्हें नोटिस दिए हैं और सुबह 9 से 4 बजे तक ओपीडी में उपस्थित रहें। डिजीटल एक्स-रे मशीन की भी शुरूआत की गई है।