कमलनाथ के उड़नखटोले की इमरजेंसी लैंडिंग
- फोटो : Social Media
इंदौर कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस भोपाल लौट रहे पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के हेलीकॉप्टर की अचानक लैंडिंग करवानी पड़ी। बताया जा रहा है कि इंदौर से उड़ान भरने के बाद अचानक मौसम ने करवट ली, जैसे ही तेज बारिश और हवाएं शुरू हुई पायलट ने हालातों को देखते हुए तुरंत हेलीकाप्टर को उतारने का फैसला किया, जिसके बाद सीहोर जिले के कॉलेज ग्राउंड में हेलीकाप्टर की सुरक्षित लैंडिंग हुई।
इंदौर से ही पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के साथ प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह भी इस हेलीकाप्टर में सवार हुए थे। सीहोर में हेलीकाप्टर की लैंडिंग के बाद कमलनाथ सड़क मार्ग से भोपाल रवाना हुए।
उनके साथ जेपी अग्रवाल और जयवर्धन सिंह भी सड़क मार्ग से ही भोपाल रवाना हुए। हालांकि, अचानक खराब हुए मौसम से हेलीकाप्टर की सीहोर में हुई लैंडिंग से हड़कंप मच गया। लेकिन सुरक्षित लैंडिंग के बाद सबने राहत की सांस ली।